उत्तराखंड में नहीं चला UP के विधायक का रूआब..कटा चालान, लाइसेंस भी जब्त
खुद को कानून से ऊपर समझने वाले यूपी के विधायक अमनमणि त्रिपाठी को उत्तराखंड पुलिस ने अच्छा सबक सिखाया। विधायक अमनमणि समेत 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। हरिद्वार में उनकी गाड़ी का चालान भी कटा, लाइसेंस भी जब्त कर लिया गया...
May 4 2020 5:41PM, Writer:कोमल नेगी
सत्ता की हनक में उत्तराखंड पुलिस और प्रशासन से उलझने वाले यूपी के विधायक अमनमणि त्रिपाठी को यहां की पुलिस ने अच्छा सबक सिखाया। विधायक अमनमणि त्रिपाठी समेत 12 लोगों के खिलाफ मुनिकीरेती थाने में केस दर्ज हुआ है। सोमवार को अमनमणि त्रिपाठी की कार का हरिद्वार में चालान कटा, साथ ही लाइसेंस भी जब्त कर लिया गया। अमनमणि त्रिपाठी यूपी के महाराजगंज से विधायक हैं। सत्ता के घमंड में पहले भी विवादों में रहे हैं। रविवार को अमनमणि त्रिपाठी और उनके साथी 3 गाड़ियों में सवार हो बदरीनाथ जा रहे थे। इस बीच जिस-जिस जिले से गुजरे पुलिसवालों को हड़काते हुए आगे बढ़ते रहे, लेकिन गौचर में पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। अमरमणि यहां भी पुलिस से उलझ पड़े। बहस कर के किसी तरह आगे बढ़ गए, लेकिन कर्णप्रयाग में पुलिस ने उन्हें रोक लिया और वापस लौटने पर मजबूर कर दिया।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: UP के विधायक की नेतागीरी पर गुस्साए CM योगी के भाई..कहा-किसने दिया अधिकार?
आरोप है कि इस दौरान अमनमणि त्रिपाठी ने एसडीएम वैभव गुप्ता और थाना प्रभारी गिरीश चंद्र शर्मा के साथ बदसलूकी की। एक डॉक्टर के साथ भी अभद्रता की। महाराजगंज से विधायक अमनमणि त्रिपाठी ने नियम-कायदों को ताक पर रखा तो उत्तराखंड पुलिस ने भी उन्हें ऐसा सबक सिखाया, जिसे वो कभी भूल नहीं पाएंगे। कर्णप्रयाग में पुलिस ने अमनमणि त्रिपाठी का काफिला रोक कर उन्हें बैरंग लौटा दिया। बाद में उन्हें मुनिकीरेती में पकड़ लिया गया। विधायक अमनमणि त्रिपाठी समेत 12 लोगों के खिलाफ मुनिकीरेती में राष्ट्रीय आपदा एक्ट और धारा 188 के केस दर्ज हुआ है। बाद में इन लोगों को निजी मुचलके पर छोड़ा गया। आज विधायक की कार का चालान किया गया। इसके साथ ही उनका लाइसेंस भी जब्त कर लिया गया। अमनमणि त्रिपाठी यूपी के महराजगंज जिले की नौतनवा विधानसभा से विधायक हैं। विवादों से अमनमणि का पुराना रिश्ता रहा है। साल 2016 में अमनमणि पर पत्नी की हत्या का आरोप लगा था।