देहरादून की नई SP सिटी बनीं सरिता डोभाल..पुलिस महकमे में हुआ बड़ा बदलाव
अब तक एएसपी के तौर पर सेवाएं दे रहीं सरिता डोभाल को देहरादून की नई एसपी सिटी बनाया गया है। वो दून जिले की दूसरी महिला एसपी सिटी होंगी।
Jan 26 2021 11:34AM, Writer:Komal Negi
प्रदेश के पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़ा बदलाव हुआ है। छह पुलिस अफसरों के महकमे में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी दी गई है। इनमें पहला नाम आईपीएस अधिकारी सरिता डोभाल का है। अब तक एएसपी के तौर पर सेवाएं दे रहीं सरिता डोभाल को देहरादून की नई एसपी सिटी बनाया गया है। इसके अलावा स्वतंत्र कुमार एसपी देहात बनाए गए हैं। एएसपी सरिता डोभाल देहरादून की दूसरी महिला एसपी सिटी होंगी। वहीं अब तक देहरादून के एसपी सिटी के तौर पर सेवाएं दे रहीं श्वेता चौबे को दो साल के सफल कार्यकाल के बाद नई जिम्मेदारी दी गई है। वो विजिलेंस में सेवाएं देंगी।
यह भी पढ़ें - देहरादून में 26 जनवरी पर ट्रैफिक डायवर्ट..नया रुट प्लान देखकर ही घर से निकलें
इसके अलावा श्वेता चौबे को पुलिस मुख्यालय में एसपी कानून व्यवस्था का पद भी दिया गया है। एसपी श्वेता चौबे का दायित्व अब एएसपी सरिता डोभाल संभालेंगी। वो दून की दूसरी महिला एसपी सिटी के तौर पर सेवाएं देंगी। वहीं एसटीएफ में विभिन्न जिम्मेदारियां संभाल रहे स्वतंत्र कुमार को एसपी देहात की जिम्मेदारी दी गई है। इनके अलावा जिन अफसरों के विभागों में फेरबदल हुआ है, उनमें देहरादून के एसपी ट्रैफिक प्रकाश चंद भी शामिल हैं। उनका तबादला किया गया है। प्रकाश चंद अब पुलिस मुख्यालय में एएसपी कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनकी जगह देहरादून के एसपी ट्रैफिक की जिम्मेदारी स्वप्न किशोर सिंह संभालेंगे। उन्हें यातायात पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
यह भी पढ़ें - खुशखबरी: उत्तराखंड में कोरोना पर लगी लगाम, 5 जिलों से मिली अच्छी खबर
स्वप्न किशोर सिंह इससे पहले हरिद्वार के एसपी देहात के तौर पर सेवाएं दे रहे थे। एसपी देहात परमेंद्र डोभाल को भी दून से हटाकर हरिद्वार की जिम्मेदारी दी गई है। वो हरिद्वार के एसपी देहात बनाए गए हैं। एसपी परमेंद्र डोभाल का भी एसपी देहात देहरादून के पद पर सफल कार्यकाल रहा है। अब वो हरिद्वार जिले में सेवाएं देंगे। इस तरह छह पुलिस अफसरों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। देहरादून में एसपी देहात रह चुकीं सरिता डोभाल अब एसपी सिटी बन गई हैं। नई एसपी सिटी का कहना है कि उनकी प्राथमिकताएं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की होगी। उन्हें जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, वो उसे ईमानदारी से निभाएंगी।