देहरादून: विकासनगर के जाखन गांव में बादल फटने की खबर, एक व्यक्ति की मौत..देखिए वीडियो
इस बार विकासनगर के जाखन गांव में तबाही का बादल फटा। यहां एक मकान के ध्वस्त होने से एक शख्स की मलबे में दबकर मौत हो गई। (वीडियो साभार-न्यूज हाईट)
Aug 27 2021 4:28PM, Writer:Komal Negi
गढ़वाल से लेकर कुमाऊं तक बारिश के चलते पैदा हुई मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। देहरादून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है। जगह-जगह तबाही के बादल फट रहे हैं। एक न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक इस बार विकासनगर के जाखन गांव में तबाही का बादल फटा। यहां एक मकान के ध्वस्त होने से एक शख्स की मलबे में दबकर मौत हो गई। तीन पावर हाउसों में बिजली उत्पादन ठप पड़ा है। आसपास के इलाकों में अतिवृष्टि भी हुई है, जिससे हर कोई सहमा हुआ है। घटना पष्टा क्षेत्र की है। जहां जाखन गांव में बादल फटने के बाद भारी तबाही मची। इस दौरान एक मकान भरभरा कर ढह गया। इससे वहां रहने वाले एक शख्स की मलबे में दबकर मौत हो गई। गांव के कई खेतों को भी खासा नुकसान पहुंचा है। दर्जनों किसानों के खेतों में मलबा जमा है, जिससे फसलें बर्बाद हो गईं। आगे देखिए वीडियो
यह भी पढ़ें - देहरादून: रानीपोखरी पुल टूटा, कई वाहन नीचे गिरे, कई लोग चोटिल..मचा हड़कंप
वहीं यमुना में पानी बढ़ने और भारी मात्रा में सिल्ट आने की वजह से तीन पावर हाउस में बिजली का उत्पादन रोकना पड़ा। सिर्फ छिबरौ और खोदरी पावर हाउस में ही जनरेशन का काम चल रहा है। देहरादून के दूसरे हिस्सों से भी तबाही की तस्वीरें आई हैं। यहां विकासनगर में शीतला नदी उफान पर है। जस्सोवाला गांव में भी कई मकान ध्वस्त हुए हैं, भारी तबाही हुई है। नदी में उफान आने की वजह से कई मकान सैलाब की भेंट चढ़ गए, हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। खुशालपुर में एक मकान का कुछ हिस्सा नदी में बह गया। हथियारी में निर्माणाधीन व्यासी जल विद्युत परियोजना स्थल पर भारी मलबा जमा हो गया, मशीनें मलबे में दब गईं। उत्तराखंड में लगातार जारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कहीं सड़कें बह रही हैं तो कहीं पुल। हर तरफ सिर्फ तबाही नजर आ रही है। मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। देखिए वीडियो (वीडियो साभार-न्यूज हाईट)