image: Uttarakhand anjali rawat got scholarship for Oxford University

उत्तराखंड: अंजली रावत को बधाई..ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के लिए मिली स्कॉलरशिप

पहाड़ से निकली होनहार अंजलि अब ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करेंगी। उन्हें आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए स्कॉलरशिप भी मिली है। आगे जानिए अंजलि के सफर के बारे में
Sep 13 2021 1:19PM, Writer:Komal Negi

संसाधनों की कमी के बावजूद उत्तराखंड की होनहार बेटियां हर क्षेत्र में छाई हुई हैं। रक्षा से लेकर शिक्षा तक...हर क्षेत्र में आगे बढ़कर प्रदेश का मान बढ़ा रही हैं। अंजलि रावत ऐसी ही होनहार बेटियों में से एक हैं। अंजलि ने कड़ी मेहनत से ब्रिटेन के प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में डॉक्टरेट इन फिलॉसोफी (D.Phil.-Law) कोर्स के लिए प्रवेश प्राप्त कर लिया है। इस तरह पहाड़ से निकली होनहार अंजलि अब ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करेंगी। अंजलि रावत मूलरूप से तीर्थनगरी ऋषिकेश की रहने वाली हैं। उन्हें शैक्षणिक सत्र 2021-24 के लिए ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में एडमिशन मिला है। यही नहीं उन्हें श्रीमती अंबृति साल्वे छात्रवृत्ति एवं ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय (विधि संकाय) द्वारा स्कॉलरशिप भी मिली है। इस अभूतपूर्व सफलता को हासिल करने वाली अंजली इससे पहले ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से ही शैक्षणिक सत्र 2019-20 में बी.सी.एल.(LLM) एवं 2020-21 में मास्टर इन फिलॉसोफी (M.Phil.-Law) की शिक्षा पूर्ण कर चुकी हैं।

यह भी पढ़ें - पहाड़ के दो भाइयों का एक आईडिया हुआ सुपरहिट, स्वरोजगार से कमा रहे हैं लाखों
होनहार अंजलि के पिता गोविन्द सिंह रावत टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड में बतौर उप-प्रबंधक(मानव संसाधन) के पद पर कार्यरत हैं। अंजलि ने इंटर तक ऋषिकेश में ही पढ़ाई की। इस दौरान उन्होंने पहला स्थान प्राप्त किया था। इसके उपरांत उन्होंने CLAT प्रवेश परीक्षा में चयनित होकर NALSAR, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, हैदराबाद से 5 वर्षीय बीए एलएलबी कोर्स में एडमिशन लिया। वर्ष 2015 में 10 स्वर्ण पदकों के साथ उन्होंने विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंजलि ने वर्ष 2015-18 तक ICICI बैंक में प्रबंधक (लीगल) तथा वर्ष 2018-19 में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के महामहिम जज के साथ ज्यूडिशियल क्लर्क के पद पर भी कार्य किया है। अब वो ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ेंगी। उनकी इस अभूतपूर्व उपलब्धि से पूरे परिवार में हर्षोल्लास का माहौल है। घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा है। राज्य समीक्षा टीम की ओर से अंजलि को बधाई। हम उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home