image: Jaitley releases BJP vision document

जेटली ने जारी किया बीजेपी का विजन डॉक्यूमेंट

Feb 5 2017 7:58PM, Writer:कोमल नेगी

केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने देहरादून में बीजेपी का विजन डॉक्यूमेंट २०१७ जारी किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में विवाद ज्यादा रहे हैं, लेकिन विकास नहीं हुआ। उन्होने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी को जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र में बीजेपी की सरकार है, और राज्य और केंद्र के बीच तालमेल बना रहे, इसके लिए उत्तराखंड में बीजेपी की सरकार बननी चाहिए।

कांग्रेस सरकार पर बोला हमला

दून पहुंचे वित्त मंत्री ने उत्तराखंड सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य सरकार का धर्म और दायित्व विकास होता है, लेकिन उत्तराखंड में ऐसा नहीं है। राज्य तभी विकास कर सकता है जब कि राज्य में स्थिर सरकार बने। उत्तराखंड में पिछले कुछ सालों में स्थिर सरकार नहीं रही है। इस दौरान अरुण जेटली ने सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। जेटली ने कहा कि केंद्र से जो मदद मिलती है उसमें केंद्र कोई मनमानी नहीं कर सकता। केंद्र में कांग्रेस की सरकार के समय राज्यों को 32 फीसदी बजट मिलता था और बीजेपी की सरकार के समय 42 फीसदी बजट मिलता है। जेटली ने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन और शिक्षा का हब बन सकता है।

बीजेपी का स्टार प्रचार अभियान शुरू

अरुण जेटली के दून पहुंचने के साथ ही बीजेपी का स्टार प्रचार अभियान शुक्रवार से शुरू हो गया है। विजन डॉक्यूमेंट लांच होने के बाद जेटली देहरादून कैंट और डोईवाला में दो जनसभाएं करेंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह (रि) की कनालीछिना और थराली में जनसभाएं होंगी। पांच फरवरी को केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह की दून में जनसभा होगी। गृहमंत्री राजनाथ भी पांच फरवरी को पहुंच रहे हैं। राजनाथ गंगोलीहाट, हरिद्वार ग्रामीण और बहादराबाद में जनसभाएं करेंगे। इसके बाद सात फरवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दौरे शुरू होंगे। तीन दिन में शाह कुमाऊं और गढ़वाल में 12 जनसभाएं करेंगे। प्रदेश प्रवक्ता विनय गोयल ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नड्डा दून में ही हैं, लेकिन सुबह अचानक सेहत बिगड़ने के कारण उनका प्रचार अभियान निरस्त कर दिया। हालांकि जनसभाएं हुई, जिसमें प्रदेश के पूर्व सीएम विजय बहुगुणा ने प्रचार किया।

हरिद्वार में पीएम मोदी की जनसभा

१० फरवरी को पीएम नरेंद्र मोदी हरिद्वार में होने वाली जनसभा को संबोधित करेंगे, हालांकि गढ़वाल मंडल में होने वाली दूसरी जनसभा पर अभी पेच फंसा है। दरअसल पार्टी गौचर और श्रीनगर में जनसभा चाहती है, लेकिन पीएम दोनों में से किसी एक जगह ही जा सकते हैं। एक लॉबी श्रीनगर में जनसभा चाहती है, जबकि दूसरी लॉबी चमोली के गोचर में जनसभा कर दो जनपदों को साधना चाहती है। गोचर से कर्णप्रयाग, बदरीनाथ, रुद्रप्रयाग और केदारनाथ सीट के अलावा पौड़ी की कुछ सीटों पर भी असर पड़ेगा। इसके अलावा कुमाऊं में एक जनसभा रुद्रपुर में लगभग तय है, जिसकी अधिकारिक अनुमति अभी नहीं मिली है। इसके अलावा पार्टी कुमाऊं के अल्मोड़ा में भी एक जनसभा चाहती है। हालांकि पीएम ने 10 और 12 फरवरी को उत्तराखंड प्रचार के लिए समय सुरक्षित रखा है।

सपा प्रदेश प्रभारी बीजेपी में शामिल

समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रभारी करन कश्यप सहित कई पदाधिकारियों और अन्य संगठनों के नेताओं ने भाजपा ज्वाइन कर ली है। शुक्रवार को पार्टी प्रदेश कार्यालय में पूर्व सीएम बीसी खंडूड़ी की उपस्थिति में कश्यप के अलावा सपा के प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप यदुवंशी, ग्राम प्रधान देवेंद्र कश्यप, रामलाल सिंह, दयाराम सिंह, पुष्पेंद्र, सफल शर्मा, पुष्पेंद्र शर्मा, अखिल भारतीय कश्यप महासंघ अक्षय कश्यप सहित कई संगठनों के पदाधिकारियों ने ज्वाइन किया। इसके अलावा भाजपा को लोक जनशक्ति पार्टी ने समर्थन दिया है। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जिनके निर्देश पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पूरन सिंह पंवार ने समर्थन का पत्र पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को दिया।


  • MORE UTTARAKHAND NEWS

View More Latest Uttarakhand News
  • TRENDING IN UTTARAKHAND

View More Trending News
  • More News...

News Home