दिल्ली के लड़के की टी-20 मैच में ट्रिपल सेंचुरी...पारी में जड़े 39 छक्के, 14 चौके...
Feb 13 2017 6:28PM, Writer:मिथिलेश नौटियाल
New Delhi, Feb 07 : दिल्ली के बल्लेबाज मोहित अहलावत ने ललिता पार्क में चल रहे एक टी-20 मैच में ट्रिपल सेंचुरी जड़ दी। इसे पूरा करने के लिए मोहित ने सिर्फ 72 गेंदें खेली। इस बात से ही आप अंदाजा लगा सकते हैं कि उन्होंने ने किस तरह से मैदान पर अपना जलवा दिखाया होगा। मोहित ने अपना तिहरा शतक पूरा करने के लिए 39 छक्के जड़े हैं। 234 रन तो सिर्फ उन्होंने अपने छक्कों की बदौलत से बनाए हैं। इसके अलावा उन्होंने 14 चौके भी जड़े हैं। आप चौके और छक्कों को मिला दें तो कुल मिलाकर 290 रन तो मोहित ने सिर्फ बाउंड्रीज की मदद से बनाए हैं।
आपको बता दें कि मोहित अहलावत इससे पहले दिल्ली की रणजी टीम की तरफ से भी खेल चुके हैं। वो बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज टीम में शामिल किए गए थे। दिल्ली के ललिता पार्क में फ्रैंड्स प्रीमियर लीग चल रही है और इसी दौरान मोहित ने अपनी बल्लेबाजी से सभी को हैरान कर दिया। मैच के आखिरी ओवर यानी 20 वें ओवर में मोहित ने 34 रन बटोरे। उन्होंने 5 गेंदों पर लगातार 5 छक्के भी जमाए। मोहित इस टूर्नामेंट में मावी इलेवन की तरफ से खेल रहे हैं।
मोहित के शानदार खेल की बदौलत इस टीम ने विरोधी टीम के सामने जीत के लिए 416 रनों का लक्ष्य रखा। मोहित अहलावत साल 2015 में दिल्ली की तरफ से रणजी टूर्नामेंट में भी खेल चुके हैं। हालांकि रणजी मैचों में उनका प्रदर्शन इतना बेहतरीन नहीं रहा है। आपको बता दें कि टी-20 मैच में ट्रिपल सेंचुरी लगाने वाले मोहित अहलावत ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अब तक सिर्फ 5 रन बनाए हैं। मोहित ने दिल्ली की तरफ से 3 मैच खेले हैं। ये मैच उन्होंने हरियाणा, राजस्थान और विदर्भ के खिलाफ खेले हैं।