image: Elections on 69 assembly seats in Uttarakhand tomorrow

उत्तराखंड में 69 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव कल

Feb 14 2017 5:32PM, Writer:कोमल नेगी

उत्तराखंड में १५ फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव प्रचार थम गया है। राज्य की ६९ विधानसभा सीटों पर १५ फरवरी को मतदान होना है, जबकि नतीजे ११ मार्च को घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रचार थमने से पहले बीजेपी और कांग्रेस के प्रत्याशी मतदाताओं को रिझाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाते नजर आए। चुनाव प्रचार थमने से पहले राहुल गांधी ने हरिद्वार में हर की पैड़ी में मां गंगा की पूजा की और चुनाव में जीत के लिए आशीर्वाद मांगा।

कुल ६२८ उम्मीदवार चुनावी मैदान में

उत्तराखंड में अभी कांग्रेस की सरकार है. कांग्रेस के सामने सरकार बचाने की चुनौती है वहीं बीजेपी सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटी है, हर पार्टी पूरा जोर लगा रही है। सोमवार को प्रचार का शोर थमने से पहले सभी पार्टी के नेताओं ने अपने पक्ष में माहौल बनाने की पूरी कोशिश की। राज्य में ७० विधानसभा सीटों के लिए बुधवार को मतदान होगा। विधानसभा चुनाव में कुल ६२८ उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में 75 लाख से ज्यादा लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव आयोग और सुरक्षा बलों ने स्वतंत्र व निष्पक्ष मतदान के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। सभी सरकारी कार्यालयों, स्कूल, कॉलेजों और औद्योगिक संस्थानों में अवकाश का ऐलान कर दिया गया है। मतदान प्रक्रिया को सुचारू ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस सहित करीब 20 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।

दिग्गजों पर लगा दांव

बहरहाल, उत्तराखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार तीन दिन रैलियां कीं। प्रचार बंद होने से एक दिन पहले रविवार को उन्होंने श्रीनगर और पिथौरागढ़ में दो रैलियां कीं। इंदिरा गांधी के बाद पिछले 30 साल में पिथौरागढ़ जाने वाले मोदी दूसरे नेता हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी प्रचार में पूरी ताकत लगाई और रविवार को रूड़की से हरिद्वार तक 90 किलोमीटर का रोड शो किया। उत्तराखंड में इस बार लड़ाई बेहद दिलचस्प है क्योंकि कांग्रेस छोड़ कर गए करीब एक दर्जन दिग्गज नेता इस बार भाजपा की टिकट से लड़ रहे हैं। सतपाल महाराज से लेकर यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत जैसे दिग्गज नेताओं की किस्मत दांव पर है। मुख्यमंत्री हरीश रावत इस बार दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं।

कर्णप्रयाग में चुनाव स्थगित

उत्तराखंड की कर्णप्रयाग सीट पर रविवार को बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी कुलदीप कान्वासी की सड़क दुर्घटना में हुई मौत के कारण वहां चुनाव स्थगित कर दिया गया है। इसलिए बुधवार को 69 सीटों पर मतदान होगा, जिसमें 15 फरवरी को प्रदेश के 75 लाख से ज्यादा मतदाता वोट डालेंगे और 628 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे।


  • MORE UTTARAKHAND NEWS

View More Latest Uttarakhand News
  • TRENDING IN UTTARAKHAND

View More Trending News
  • More News...

News Home