चुनावी दंगल के बीच बीजेपी प्रत्याशियों पर हमला: हरक सिंह ने लगाए गंभीर आरोप
Feb 15 2017 6:09PM, Writer:कोमल नेगी
सूबे में चल रही चुनावी सरगर्मियों के बीच बीजेपी के दो नेताओं पर हमले की खबर है। कोटद्वार में बीजेपी प्रत्याशी हरक सिंह रावत पर हमले की खबर है तो वहीं खटीमा से प्रत्याशी पुष्कर धामी के काफिले पर ङी हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने कोटद्वार से बीजेपी प्रत्याशी हरक सिंह रावत के साथ मारपीट की। हरक सिंह रावत ने मारपीट का आरोप कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगाया है। वहीं खटीमा के प्रत्याशी पुष्कर धामी की गाड़ियों के शीशे तोड़ने और उन पर पथराव किए जाने की बात सामने आई है।
कांग्रेस प्रत्याशी पर हमला कराने का आरोप
हरक सिंह रावत पिछले साल कांग्रेस छोड़ कर बीजेपी में शामिल हुए हैं। बीजेपी के टिकट पर कोटद्वार से चुनाव लड़ रहे हरक सिंह पर कांग्रेस और बीजेपी के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के दौरान हमला हुआ। सोमवार रात कोटद्वार में दोनों पार्टियों के समर्थकों के बीच झड़प हुई थी, जिसे रोकने के लिए पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। हरक सिंह रावत ने कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह नेगी पर हमला कराने का आरोप लगाया है। मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि सुरेंद्र सिंह नेगी इस तरह की घटिया राजनीति करने में माहिर हैं, क्योंकि इससे पहले 2012 में भी सुरेंद्र सिंह नेगी ने बी सी खंडूरी के खिलाफ ऐसे ही हथकंडे अपनाए थे और अब नेगी ने मेरे ऊपर भी हमला करने का प्रयास किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर धमकाने का आरोप
कोटद्वार विधानसभा से बीजेपी प्रत्याशी हरक सिंह रावत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कई गंभीर आरोप लगाये। हरक सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी के स्टीकर लगाकर लोगों को धमकाया, जिससे लोगों में बीजेपी के खिलाफ नफरत फैले। लोगों को उनकी इस हरकत का पता लगने पर कांग्रेसी कार्यकर्ता मौके से अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। हद तो तब हो गई जब बीजेपी कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाकर मनोबल गिराने के लिए उल्टा कांग्रेस ने ही बीजेपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ थाने में तहरीर दी। बीजेपी प्रत्याशी हरक सिंह रावत ने कहा कि 'सुरेन्द्र सिंह नेगी शराब, पैसा, पैंट, शर्ट और साड़ियां बांट कर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। सुरेंद्र सिंह नेगी लगातार अपने मंत्री पद का दुरुपयोग कर रहे हैं।'