image: thrown from the car and fled after looting in kashipur

काशीपुर : लाखों की लूट के बाद गाड़ी से फेंक कर हुए फरार

Feb 15 2017 6:28PM, Writer:कोमल नेगी

सूबे में बदमाश किस कदर बेखौफ हैं, इसकी एक बानगी काशीपुर में देखने कौ मिली जहां बदमाशों ने पिता-पुत्र समेत चार लोगों को अगवा कर लाखों की लूट को अंजाम दिया। बदमाशों ने चारों से १.४५ लाख की नकदी, सोने की चार चेन, एक लॉकेट और छह अंगूठियां लूट लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चारों को ठाकुरद्वारा इलाके में फेंक कर फरार हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिसवाले बनकर दिया वारदात को अंजाम

वारदात के वक्त मोहल्ला ओझान निवासी तरुण अग्रवाल और उनके पिता विनोद अग्रवाल, अल्लीखां निवासी हशमत पुत्र छुन्नू, थाना साबिक निवासी फुरकान अली पुत्र बब्बन खां सोमवार की रात तरुण अग्रवाल की इनोवा कार से बाजपुर की ओर से घर आ रहे थे। आईजीएल मोड़ के पास लालबत्ती लगी इनोवा कार सवार पांच बंदूकधारी बदमाशों ने इनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। उनकी कार पर लालबत्ती लगी थी, लेकिन जल नहीं रही थी। बदमाशों ने खुद को पुलिस वाला बताकर कहा कि गाड़ी की तलाशी लेनी है, इसमें शराब है गाड़ी से उतरो और गालियां देते हुए अपनी कार में बैठाकर ले गए। चारों को अपने साथ ले जाने के बाद आरोपियों ने चलती कार में गन प्वाइंट पर लूटपाट की और हाथ-पैर बांधकर फेंक गए।

आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस

वारदात के बाद देर रात तरुण ने अपने घर फोन कर बताया कि बदमाशों ने उनका अपहरण कर उन्हें ठाकुरद्वारा जसपुर मार्ग पर सन्यासियोंवाला के पास फेंक दिया है। एसएसआई के निर्देश पर बांसफोड़ान चौकी प्रभारी जसविंदर सिंह मौके पर पहुंचे तो तरुण अग्रवाल उन्हें मौके पर मिल गए, जबकि अन्य तीन लोग इससे कुछ आगे सूरजनगर मार्ग पर मिले। सभी के हाथ पैर बंधे थे। बदमाशों ने तरुण अग्रवाल से 80 हजार की नकदी, सोने की दो चैन, एक लॉकेट, पांच अंगूठी, विनोद अग्रवाल से नकद 25 हजार सोने की दो चैन, एक अंगूठी, फुरकान अली और हशमत से 25-25 हजार रुपए लूटे हैं। पीड़ित तरुण अग्रवाल की बाजपुर में वैरायटी ज्वैलर्स के नाम से आभूषण की दुकान है। फुरकान की बाजपुर में एमटेक ऑटो इलेक्ट्रीशियन एंड इंवर्टर और हशमत की सुल्तानपर पट्टी में ए वन इलेक्ट्रिशियन नाम से बिजली मरम्मत की दुकान है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।


  • MORE UTTARAKHAND NEWS

View More Latest Uttarakhand News
  • TRENDING IN UTTARAKHAND

View More Trending News
  • More News...

News Home