गढ़वाल: किरोली गांव के आदित्य की UPSC में ऑल इंडिया 315वीं रैंक, मोरी ब्लॉक में खुशी की लहर
आदित्य सिंह चौहान ने यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर रवांई घाटी का नाम रोशन किया है। वो मूल रूप से मोरी ब्लॉक के किरोली गांव के रहने वाले हैं।
Oct 10 2021 1:15PM, Writer:Komal Negi
संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में उत्तराखंड के होनहार छाए रहे। इनमें उत्तरकाशी के रहने वाले आदित्य सिंह चौहान भी शामिल हैं। आदित्य ने यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर रवांई घाटी का नाम रोशन किया है। वो मूल रूप से मोरी ब्लॉक के बंगाण क्षेत्र में स्थित किरोली गांव के रहने वाले हैं। आदित्य ने यूपीएससी की परीक्षा में ऑल इंडिया 315वीं रैंक हासिल की। बेटे की इस सफलता से पिता गब्बर सिंह चौहान बेहद उत्साहित हैं। घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा है। चलिए आपको आदित्य के सफर के बारे में बताते हैं। आदित्य ने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई दिल्ली से की है। 2016 में उन्होंने गोविन्द बल्लभ पंत विश्वविद्यालय पंतनगर से कम्प्यूटर सांइस में बीटेक किया। इस बीच सिविल सेवा की तैयारी भी करते रहे और आखिरकार अपने सपने को सच करने में कामयाब रहे।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड के किसान संजय ने उगाया बेशकीमती काला चावल, जानिए इसके बेमिसाल फायदे
आदित्य के पिता गब्बर सिंह दिल्ली में जर्मनी के दक्षिण एशिया संस्थान हाईडिलबर्ग विश्वविद्यालय में कार्यरत हैं। मां परमेश्वरी देवी गृहणी हैं। आदित्य की इस सफलता पर रवांई घाटी में खुशी का माहौल है। आदित्य सिंह चौहान के पिता गब्बर सिंह चौहान ने बताया वो पिछले कई वर्षों से दिल्ली में रह रहे हैं, लेकिन अपने गांव आना-जाना रहता है। आदित्य हमेशा से ही सिविल सेवा परीक्षा पास कर अफसर बनने का सपना देखा करते थे। इस सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की। आदित्य के अफसर बनने से रवांई घाटी में खुशी का माहौल है। परिजनों को खूब बधाईयां मिल रही हैं। राज्य समीक्षा टीम की ओर से आदित्य को उज्जवल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं। उनकी सफलता का सफर यूं ही जारी रहे, हम यही कामना करते हैं।