चार धाम श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर...जानिए कब खुलेंगे गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट !
Mar 29 2017 7:55PM, Writer:अंकित
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की तैयारियां पूरी हो गई है। वहीं गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 28 अप्रैल को खुलना तय हुआ है। इसके अलावा केदारनाथ धाम के कपाट 3 मई को और बद्रीनाथ के कपाट 6 मई को खुलेंगे। नवरात्र के पहले दिन कपाट खोलने की तिथि तय की गई और नवरात्र के पहले दिन ही श्रद्धालुओं को तोहफा दिया गया है। शीतकाल के दौरान भारी बर्फबारी की चपेट में रहने के कारण चारों धामों के कपाट हर साल अक्टूबर-नवंबर में श्रद्धालुओं के लिये बंद कर दिये जाते हैं। प्राचीन रीति-रिवाजों के मुताबिक हर साल बसंत पंचमी के आसपास ग्रीष्मकाल के लिए इन तीर्थस्थलों के कपाट खुलने का मुहूर्त विधि-विधान से निकाला जाता है। मंदिर समिति ने बताया कि मां गंगा की उत्सव डोली 27 अप्रैल को निकाली जाएगी। डोली उनके मायके मुखवा से गंगोत्री धाम के लिए प्रस्थान करेगी। इसके अलावा डोली रात्रि विश्राम के लिए भैरों घाटी में ठहरेगी।
अगले दिन 28 अप्रैल को विधिवत पूजा अर्चना के बाद गंगोत्री धाम के कपाट खोल दिए जाएंगे। वहीं माँ यमुना के कपाट भी इसी दिन श्रद्धालुओं के खोल दिए जाएंगे। इस विश्व प्रसिद्ध यात्रा में पर्याप्त रूचि दर्शाते हुए यात्रा के हर प्रबंधन के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। संबधित अधिकारियों को इसे सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिये गए हैं। जिससे तीर्थयात्रियों के पहुंचने से पहले सभी आवश्यक सुविधाएं, सड़क और आवागमन व्यवस्था सहित सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएगा। दूसरी तरफ वहां तक नहीं पहुंच पाने वालों के लिए यमुनोत्री और गंगोत्रीधाम की यात्रा का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ ही एक एप्लीकेशन के माध्यम से यात्रियों की सुरक्षा को भी बेहतर बनाया जाएगा। स्थानीय उत्पाद को बढ़ावा देने के लिए यहीं के उत्पाद से तैयार प्रसाद की बिक्री को भी प्रशासन बढ़ावा देगा।