गढ़वाल राइफल के जवान का पुंछ सेक्टर में निधन, शरीर पर लगी थी गोली
मामला मेंढर उपमंडल के केजी सेक्टर के बलनोई इलाके का है। अनिल चौहान 8वीं गढ़वाल रेजीमेंट के जवान थे।
Jan 6 2022 6:50PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
उत्तराखंड के पौड़ी जिले के राइफल मैन अनिल सिंह चौहान राजौरी के मेंढर सेक्टर में शहीद हो गए हैं। गुरुवार को सेना की ओर से शहीद के परिजनों को शहादत की सूचना दी गई। मामला मेंढर उपमंडल के केजी सेक्टर के बलनोई इलाके का है। अनिल चौहान 8वीं गढ़वाल रेजीमेंट के जवान थे। वह पौड़ी जिले के द्वारीखाल के रहने वाले थे। शहीद के पिता का नाम बृज मोहन सिंह चौहान है और वो भी सेना से रिटायर हैं। उनकी माता का नाम कांति देवी है। उनके बड़े भाई भी सेना में हैं, जो कि विवाहित हैं। शहीद की बहन की मौत हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक शहीद अनिल चौहान की मई माह में शादी होने वाली थी। शहादत की खबर से परिवार और गांव में शोक व्याप्त है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक जवान की मौत गोली लगने से हुई है। हालांकि जवान को गोली कैसे लगी इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। इसकी जांच की जा रही है.