देवभूमि के चमत्कार से बॉलीवुड हैरान...महादेव की शरण में विवेक ओबेरॉय !
Apr 5 2017 7:22PM, Writer:Pragati
देहरादून, उत्तराखंड की वादियों का आनंद लेने के लिए बॉलीवुड हस्तियों का पहाड़ पर आना-जाना लगा हुआ है। दीपिका पादुकोण के मुंबई वापस जाने के बाद अब बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबरॉय देहरादून पहुंचे । विवेक से मिलने के लिए सुबह माता वैष्णों देवी गुफा मंदिर टपकेश्वर महादेव के आचार्य विपिन जोशी पहुंचे और उन्होंने माता की चुनरी और नारियल विवेक ओबरॉय को प्रसाद के तौर पर दिया। इसके बाद विवेक ओबरॉय उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय को देखने के लिए निकल गए । आयुर्वद विश्वविद्यालय पहुंचकर प्रकृति के बीच पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को भी करीब से जाना और पूरे देश में इसके विस्तार पर जोर दिया। विवेक ने विश्वविद्यालय में धन्वंतरि वाटिका भी देखी। इस मौके पर विवेक ओबरॉय ने रजिस्ट्रार डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी और अपर सचिव आयुष बी औली से मुलाकात की और प्रदेश में आयुर्वेद के प्रचार और इसके विस्तार पर चर्चा की साथ ही उन्होंने औषधीय पौधों के बारे में भी जानकारी ली।
बता दें कि विवेक ओबरॉय से पहले अभिनेता अक्षय कुमार भी आयुर्वेद को अपनाने का संदेश देते रहे हैं। हाल में भारतीय चिकित्सा पद्धतियों से जुड़ा खुद का एक वीडियो उन्होंने शेयर किया था। जिसमें उन्होंने आयुर्वेद के महत्व को बताया था। अब अभिनेता विवेक ओबरॉय भी इस मुहिम का हिस्सा बन गए हैं। और आयुर्वेद को बढ़ावा देने पर जोर दे रहे हैं।इस मौके पर आपको बता दें कि विवेक ओबरॉय को उत्तराखंड से खासा लगाव है। विवेक लगभग हर साल देवभूमि आते हैं। दिसंबर महीने में विवेक अपने बेटे और पत्नी के साथ उत्तराखंड पहुंचे थे। विवेक का तीर्थनगरी ऋषिकेश में काफी आना- जाना रहता है।