लौट आया चेतन चीता...9 गोलियां लगी, फिर भी जिंदा रहा..देश ने ठोका सलाम !
Apr 5 2017 8:17PM, Writer:मीत
आतंकवादियों से मुठभेड़ में शरीर पर 9 गोलियां खाने के बाद घायल होने वाला जवान चेतन चीता एकदम फिट है। ये खबर सुनते ही पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई। आपको बता दें कि चेतन के शरीर में 9 गोलियां लगी थी और उसके बाद से वो कोमा में भर्ती थे। दो महीने तक कोमा में रहने के बाद CRPF का ये जांबाज कमांडेंट चीता अब बिल्कुल फिट हैं। बुधवार को चेतन को ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज से उन्हें छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों का कहना है कि चेतन अब पूरी तरह से फिट हैं। ये चीता की मजबूत इच्छाशक्ति ही थी कि वो मौत के मुंह से लौट आए। आपको बता दें कि 14 फरवरी को जम्मू कश्मीर के बांदीपुरा में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में चेतन बुरी तरह से घायल हो गए थे। अब चेतन का घर लौटना किसी चमत्कार से कम नहीं है। चीता की पत्नी का कहना है कि उनकी हालत में सुधार हो रहा है । इसके साथ ही उनका कहना है कि वो अब ठीक महसूस कर रहे हैं।
चीता की पत्नी का कहना है कि उन्हें अपने पति पर गर्व है कि वो मौत से लड़कर वापस आए हैं। चेतन के 2 बच्चे हैं जो स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। फरवरी में बांदीपुरा में आतंकियों से भारतीय सेना की मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में सेना के 3 जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद इलाके में सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान चलाया था। सुरक्षा बलों के इस अभियान की जानकारी आतंकवादियों को पहले मिल गई थी। जब चीता अपनी सेना के साथ आतंकियों के नए ठिकाने पर पहुंचे तो आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में चीता पर 30 राउंड गोलियां चलाई गईं। इन तीस राउंड में से 9 गोलियां चीता पर लगी थी। इसके बावजूद चीता ने आतंकियों पर फायरिंग जारी रखी। इसके बाद चेतन ने लश्कर के खूंखार आतंकी अबू हारिस को ढेर कर दिया। इसके बाद पहले चीता को श्रीनगर के आर्मी हॉस्पिटल ले जाया गया था। कुल मिलाकर कहें तो आतंकियों का ये काल मौत को भी मात दे गया। इस जज्बे को पूरा देश सलाम करता है।