नवाज शरीफ पर हॉलीवुड फोबिया...पाकिस्तान ने जाधव को बताया रैंबो जैसा खतरनाक !
Apr 15 2017 8:53PM, Writer:Shantanu
पाक में कैद भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव को फांसी की सजा के बाद भारत ने कड़े तेवर दिखाए हैं। भारत ने कहा कि जाधव को फांसी होती है तो वो इसे हत्या मानेगा और उसके बाद भारत के वार को पाकिस्तान झेल नहीं पाएगा। पाकिस्तान लगातार जाधव को फांसी की सजा का बचाव कर रहा है। भारत ने पाकिस्तान से जाधव के खिलाफ चार्जशीट की मांग की थी। इसके जवाब में पाकिस्तान ने जाधव के खिलाफ डॉजियर पेश किया है। इसमें जाधव के खिलाफ लगे आरोपों के बारे में बताया गया है। आप ये जानकर हैरान हो जाएंगे कि डॉजियर के मुताबिक पाकिस्तान ने जाधव को रैंबो जितना खतरनाक माना है जो अपने दम पर कुछ भी कर सकने में सक्षम हैं। नवाज शरीफ के सलाहकार सरताज अजीज ने ये डॉजियर भारत को सौंपा है। इसमें जाधव पर ट्रायल की टाइमलाइन भी है।
पाकिस्तानी डॉजियर के मुताबिक कुलभूषण जाधव वन मैन डिमॉलिशन स्क्वाड की तरह है। जाधव को हॉलीवुड फिल्म रैंबों के कैरेक्टर की तरह बताया है जो पाइपलाइन में धमाके करता है। आईईडी ब्लास्ट करता है। इतना ही नहीं पाक ने जाधव को कई आतंकी गतिविधियों में शामिल बताया है हालांकि पाक ये बताने से इंकार कर रहा है कि उन घटनाओं में कितने लोगों की मौत हुई है। सरताज अजीज ने कहा कि उनके पास जाधव के खिलाफ पुख्ता सबूत हैं। जो आरोप पाकिस्तान ने जाधव पर लगाए हैं वो हैरान करने वाले हैं। पाकिस्तान का दावा है कि जाधव को अपने बचाव के लिए वकील भी दिया गया है। हालांकि पाकिस्तान इस बात का जवाब नहीं दे पाया कि अगर वो सही है तो भारतीय दूतावास के अधिकारियों को जाधव से मिलने क्यों नही दिया जा रहा है। जाहिर है कि कहीं न कहीं पाक कुछ छुपा रहा है।
आपको बताते हैं कि पाकिस्तान ने जाधव पर क्या क्या और कितने आरोप लगाए हैं। चार्जशीट में जाधव को वन मैन आर्मी यानि रैंबों की तरह बताया है। पाकिस्तान ने जाधव पर ग्वादर, तुरबत में हुए हमलों का जिम्मेदार माना है। इसके अलावा जिवानी बंदरगाह पर सिविलियन बोट और रेडार स्टेशन पर हमले का आरोप भी लगाया है। बलूचिस्तान में पाक युवाओं को भड़काने और अलगाववाादियों की मदद का भी आरोप है। बलूचिस्तान में सुई में गैस पाइपलाइन में धमाके का भी आरोप है। ये भी कहा है कि जाधव ने 2015 में क्वेटा में हुए धमाकों को स्पॉन्सर किया। इसके अलावा क्वेटा के हजरास और शिया जायरीनों पर हमले कराए। साल 2014-15 में तुरबत, पंजगुर, ग्वादर, पसनी और जिवानी में सरकार विरोधी तत्वों की सहायता से हमले किए जिसमें कई सैनिक और आम नागरिक मारे गए।