image: Duryodhana temple in uttarakhand-0417

उत्तराखंड के इस मंदिर में होती है दुर्योधन की पूजा...आखिर क्यों ? ...ये खबर पढ़िए...

Apr 20 2017 8:58PM, Writer:मीत

उत्तराखंड देवों की भूमि है। यहां हजारों की संख्या में ऐसे प्राचीन मंदिर हैं जिनसे लोगों की आस्था जुड़ी है। इनमें से कई मंदिरों का संबंध तो महाभारत काल या उसके पात्रों से भी माना जाता है। यहां उनकी पूजा की जाती है और उनसे जुड़ी प्राचीन परंपराओं का पालन किया जाता है। ऐसा ही एक मंदिर दुर्योधन का भी है। यहां दुर्योधन को देवता की तरह पूजा जाता है और दूर-दूर से लोग यहां आते हैं। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में दुर्योधन का मंदिर है। हैरानी की बात है कि यहां उसके सबसे प्रिय मित्र कर्ण का भी एक मंदिर है। दुर्योधन का मंदिर नेटवाड नामक जगह से करीब 12 किलोमीटर की दूरी पर हर की दून रोड पर स्थित एक गांव में है। उस गांव का नाम सौर है। वहीं, कर्ण का मंदिर सारनौल गांव में है। इस स्थान का संबंध महाभारत काल के एक योद्धा भब्रूवाहन से भी जोड़ा जाता है। इसके साथ ही इस कहानी का रहस्य और भी ज्यादा बढ़ जाता है।

कहते हैं कि भब्रूवाहन महाभारत युद्ध में भाग लेना चाहता था, लेकिन कृष्ण ने उसे युद्ध से वंचित कर दिया। वे जानते थे कि अगर भब्रूवाहन युद्ध में शमिल होगा तो अर्जुन को इससे खतरा हो सकता है और अर्जुन को हानि होने से पांडवों की पराजय हो सकती थी। कहा जाता है भब्रूवाहन का सिर उसके धड़ से अलग कर दिया गया था। हालांकि कृष्ण ने युद्ध शुरू होने से पहले ही भुब्रूवाहन का सिर धड़ से अलग कर दिया, लेकिन उसने युद्ध देखने की इच्छा जाहिर की और भगवान कृष्ण ने उसकी इच्छा पूरी की। उन्होंने भुब्रूवाहन के सिर को यहां एक पेड़ पर टांग दिया और उसने यहीं से महाभारत का पूरा युद्ध देखा। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब-जब भी महाभारत के युद्ध में कौरवों की रणनीति विफल होती, जब-जब भी उन्हें हार का मुंह देखना पड़ता, तब भुब्रूवाहन जोर-जोर से चिल्लाकर उनसे रणनीति बदलने के लिए कहता था।

वो रोता था और आज भी रो रहा है। कहते हैं कि भब्रूवाहन की कथा वीर बर्बरीक की कहानी से काफी समानता रखती है, लेकिन ये दोनों एक नहीं थे। मान्यता तो ये भी है कि भुब्रूवाहन के इन्हीं आंसूओं से यहां तमस या टोंस नाम की नदी बनी है। यही कारण है कि आज भी इस नदी का पानी कोई नहीं पीता। दुर्योधन और कर्ण दोनों भुब्रूवाहन के बड़े प्रशंसक थे। यहां के स्थानीय लोग अब भी उसकी वीरता को सलाम करते हैं और उसकी प्रशंसा में गीत गाए जाते हैं। यहां के लोगों ने भुब्रूवाहन के मित्र कर्ण और दुर्योधन के मंदिर बनाए हैं। दुर्योधन का मंदिर सौर गांव में, जबकि कर्ण का मंदिर सारनौल गांव में हे। यही नहीं ये दोनों इस इलाके के क्षेत्रपाल भी बन गए। तो कुल मिलाकर कह जाए तो उत्तराखंड अपने आप में कई रहस्यों को समेटे हुए है। इन रहस्यों के बारे में हम आपको लगातार जानकारी भी देते रहते हैं। आपको ये कहानी कैसी लगी, इस बारे में अपनी राय फेसबुक के जरिए जरूर दें।


  • MORE UTTARAKHAND NEWS

View More Latest Uttarakhand News
  • TRENDING IN UTTARAKHAND

View More Trending News
  • More News...

News Home