देवभूमि को मुकेश अंबानी का दंडवत प्रणाम...केदारनाथ, बद्रीनाथ में करवा रहे हैं बड़ा काम !
Apr 22 2017 6:06PM, Writer:मीत
उत्तराखंड यूं तो कई सेलेब्रिटी की पहली पसंद रहा है । चाहे बात आप अमिताभ बच्चन की करें, दीपिका पादुकोण की करें या फिर बड़े बिजनेस मैन की ही बात क्यों ना करें। इनमें से मुकेश अंबानी का नाम सबसे ऊपर आता है। भारत के सबसे धनी व्यक्ति मुकेश अंबानी बार बार उत्तराखंड की यात्रा पर आते रहते हैं। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम से तो उनका अलग ही लगाव है। बार बार मुकेश अंबानी केदरनाथ और बद्रीनाथ की यात्रा पर आते रहते हैं। लेकिन इस बार वो जो काम करने जा रहे हैं, उसे देखकर लग रहा है कि वो अपनी आस्था और विश्वास देवभूमि पर रखते हैं। जियो की सफलता से उत्साहित होकर उद्योगपति मुकेश अंबानी ने बद्रीनाथ धाम में गरीबों को निशुल्क ठहराने के लिए पहल की है। अंबानी की मदद से श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति धाम में थाने के पास बहुमंजिले बदरीश आश्रय का निर्माण कराया जा रहा है।
यहां गरीबों के ठहरने की व्यवस्था की जा रही है । इसके लिए अंबानी ने मंदिर समिति को 50 लाख की धनराशि भी दी है। बताया जा रहा है कि ये भवन एक साल में बनकर तैयार हो जाएगा। वैसे तो मंदिर समिति अपने स्तर पर भी गरीबों के निशुल्क खाने और ठहराने की व्यवस्था कर रही है। इसके लिए समिति ने बदरीनाथ धाम में बस अड्डे के पास 200 बेड का आश्रय केंद्र बनाया हुआ है। ये आश्रय केंद्र निशुल्क है। यहां गरीबों और साधु-संतों ठहरने की व्यवस्था है। साथ ही मंदिर समिति बदरीनाथ धाम में हर दिन भंडारा भी चलाएगी। जिसमें दाल, चावल, केसरी चावल और खिचड़ी यात्रियों को परोसी जाएगी। मंदिर समिति का प्लान है कि यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पर्याप्त भोजन का इंतजाम किया जाए। जिससे कि कोई भी बद्रीधाम में भूखा ना रहे। इस पर जियो के सफलता से उत्साहित उद्योगपति मुकेश अंबानी भी गरीबों की मदद के लिए आगे आए हैं।
मंदिर समिति के सीईओ का कहना है कि अंबानी ने मंदिर समिति को 50 लाख की राशि दान में दी है। इससे मंदिर में बदरीश आश्रय का निर्माण किया जा रहा है। इस भवन में एक हॉल और चार बड़े कमरों समेत रसोई और अन्य सुविधाएं पहले चरण में उपलब्ध कराई जा रही हैं। यहां हर दिन 200 लोगों के ठहरने की निशुल्क व्यवस्था होगी। इससे पहले मुकेश अंबानी ने केदारनाथ धाम में भी दान किया था । साल 2015 में मुकेश अपने परिवार के साथ केदारनाथ पहुंचे और जियो की सफलता के लिए विशेष अनुष्ठान कराया था। उनकी मन्नत पूरी हुई और जियो के दस करोड़ से ज्यादा ग्राहक बन चुके हैं। एक बार फिर से मुकेश ने केदारनाथ धाम के लिए 60 लाख रुपये देने का भी वादा किया है। कपाट खुलने के बाद मुकेश जल्द ही बाबा केदार के दर्शन करेंगे। कुल मिलाकर कहें तो एक बार फिर से देश के सबसे अमीर शख्स ने बाबा केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के लिए खजाना खोल दिया है।