हरीश रावत का दर्द-ए-हार, जानिये पूर्व मुख्यमंत्री ने फेसबुक पर क्या लिखा ?
May 7 2017 3:39PM, Writer:जलीश
विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार ना तो प्रदेश कांग्रेस और ना ही पूर्व मु्ख्यमंत्री हरीश रावत पचा पा रहे हैं। पार्टी ने जहां आने वाले चुनाव के लिए प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव कर दिया है वहीं रावत के दिल में विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार की कसक अब भी बनी हुई है। तमाम कोशिशों के बावजूद भी वो हार की वजह नहीं ढूंढ पा रहे। और अब उनका ये दर्द झलका है। फेसबुक पर उन्होंने अपना ये दर्द बयां किया है। उन्होंने अपनी फेसबुक वॉल पर कार्यकर्ताओं के लिए पत्र पोस्ट किया है। जिसमें इमोशनल कार्ड भी खेला। दर्द को उन्होंने कुछ इस तरह इजहार किया कि 'हम सब कुछ करने के बाद हार गए, मोदी जी बिना कुछ किए चुनाव जीत गए। मोदी जी का बड़े से बड़ा प्रशंसक ये नहीं बता सकता है कि उन्होंने उत्तराखंड के लिए क्या किया है?
हरीश रावत ने लिखा कि मुझे विश्वास है, आप भविष्य के लिए तोड़ भी ढूंढ लेंगे। बीजेपी के पक्ष में ऐसी कोई आंधी नहीं थी कि ऐसी जीत उनको मिलती। हमारी सरकार के खिलाफ भी कोई हवा नहीं थी। सभाओं में लोग बढ़-चढ़कर आ रहे थे। विधानसभा क्षेत्रवार चुनाव प्रचार अच्छा चल रहा था। अगर सरकार के काम पर वोट होता तो अकेले आपदा के बाद चारधाम यात्रा का संचालन और आपदा पीड़ितों के साथ क्षेत्रों का पुनर्वास, पर्यटन व्यापार का पटरी पर लौटना ही इतना बड़ा काम है कि इस बार कांग्रेस को सत्ता में वापिस आना था।
हरीश रावत का फेसबुक पर अपना दर्द बयां करने से यहीं नहीं रुके, आगे उन्होंने लिखा कि कभी-कभी ऐसा लगता है, जैसे किसी अदृश्य शक्ति ने एक झपट्टे से कांग्रेस से जीत छीन ली हो। ये शक्ति कुछ भी हो सकती है। उन्हों ने कहा हम चुनाव हारे हैं, ये एक दु:खद सत्य है। वर्तमान हार से भविष्य की जीत की नींव रखनी है। हार का उत्तर केवल जीत है। पिछली सरकार के कार्यों के आधार पर कार्यकर्ताओं में दोबारा जोश भरने की कोशिश करते हुए हरीश रावत ने कहा आने वाले कल में यही बातें या जानकारियां उनके हाथ में एक प्रभावी राजनैतिक हथियार होंगी। वो हर मोड़ पर कार्यकर्ताओं के साथ खड़े मिलेंगे।