केदारनाथ जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी...ये काम भी हो गया...
May 9 2017 4:00PM, Writer:जलीश
केदारनाथ दर्शन करने आने वाले तीर्थ यात्रियों ने तेज रफ्तार पकड़ ली है। कपाट खुलने के बाद से लेकर अब तक यहां आने वाले श्रद्धालुओं की तादाद दोगुनी हो गई है। ये तादाद लगातार बढ़ती है जा रही है। अगर आप केदारनाथ जाने का मन बना रहे हैं तो ये खबर आपके लिए है। दरअसल केदारनाथ के लिए हवाई सेवाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल, पांच विमानन कंपनियां यहां उड़ान भर रही हैं। दूसरी कंपनियों के हेलीकॉप्टर भी जल्द उड़ान भर सकते हैं। नौ विमान कंपनियों को DGCA से जल्द ही अनुमति मिलने की उम्मीद है। जिसके बाद कई और विमान कंपनियां अपनी सेवाएं देने लगेंगी। तीन जगहों से उड़ान भरने वाले हेलीकाप्टर्स में प्रति यात्री किराया साढ़े छह हजार से साढ़े सात हजार रुपये तक निर्धारित किया गया है। साथ ही उड़ान के लिए सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
बाबा केदार के कपाट तीन मई को खुल चुके हैं, लेकिन अभी तक यहां हवाई सेवाओं को लेकर सस्पेंस था। हालांकि राज्य सरकार ने 14 हवाई कंपनियों को केदारनाथ के लिए उड़ान भरने की अनुमति दे दी थी, लेकिन डीजीसीए का ग्रीन सिग्नल नहीं मिलने की वजह से पेच फंसा हुआ था। अब DGCA की छह सदस्यीय टीम ने पवन हंस, ट्रांस भारत, हिमालयन हेली, हेरिटेज एविएशन और ग्लोबल बैक्ट्रा के हेलीपैडों का निरीक्षण करने के बाद उड़ान भरने की अनुमति दे दी है। पहले दिन 62 उड़ानों में करीब 357 यात्रियों ने सफर भी किया। डीजीसीए की टीम ने सुमित एविएशन, बजाज, आर्यन, सार, यूटीआर, पिनेकल, एरो, इंडोकॉप्टर और प्रीमियर हवाई कंपनियों की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर लिया है। इन्हें भी जल्द ही उड़ान भरने की इजाजत मिल सकती है। इस खबर से जुड़ी और भी कई दिलचस्प जानकारियां हैं, जिनके बारे में आपका जानना जरूरी है।
अगर आप नारायणकोटि से केदारनाथ आना-जाना चाहते हैं तो आपको करीब 7500 रुपये चुकाने होंगे, जबकि फाटा से केदारनाथ आने-जाने के लिए किराया 7000 रुपये तय किया गया है। सोनप्रयाग से केदारनाथ आने-जाने के लिए 6500 रुपये नारायणकोटि से केदारनाथ के लिए 4000 रुपये, केदारनाथ सेनारायण कोटि के लिए 3000, फाटा से केदारनाथ के लिए 4000 रुपये, केदारनाथ से फाटा के लिए 3000 रुपये, सोनप्रयाग से केदारनाथ के लिए 3500 रुपये और केदारनाथ से सोनप्रयाग के लिए किराया 3000 रुपये तय किया गया है। हवाई सफर से केदार बाबा के धाम पहुंचने वाले तीर्थयात्री अगर वीआइपी दर्शन करने चाहेंगे तो उन्हें 2100 रुपये प्रतियात्री अलग से देने होंगे। हेली कंपनियां अपने किराये के साथ इसे जोड़ेंगी और बाद में ये हिस्सा मंदिर समिति को दिया जाएगा। कुल मिलाकर कहें तो केदारनाथ जाने वाले यात्रियों के लिए ये शानदार खबर है।