अनिल कुंबले का टीम इंडिया के कोच पद से इस्तीफा, जाते जाते दी कोहली को नसीहत !
Jun 20 2017 9:12PM, Writer:Shantanu
चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान से मिली हार का गम अभी तक क्रिकेट प्रेमी भूल नहीं पाए हैं। अभी तक पाकिस्तान से मिली हार का दर्द सता रहा है। फाइनल में विराट कोहली ने जितनी गलतियां की थी। उनको लेकर सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा अभी तक निकल रहा है। इन सबके बीच टीम इंडिया को एक और जोर का झटका लगा है। टीम इंडिया के हेड कोच अनिल कुंबले ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। विराट कोहली के साथ काफी दिनों से उनके अनबन की खबरें आ रही थी। इन सबके बीच कुंबले ने अपना इस्तीफा बोर्ड को सौंप दिया है। बता दें कि कुंबले का बीसीसीआई के साथ कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया था। उन्होंने कॉन्ट्रैक्ट को आगे बढ़ाने की मंशा जाहिर नहीं की थी। जिसके बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। बता दें कि टीम इंडिया मंगलवार को ही वेस्टइंडीज के दौरे पर गई है। कुंबले टीम के साथ नहीं गए थे।
वेस्टइंडीज दौरे पर अनिल कुंबले टीम के साथ नहीं गए जिसके बाद कयासों का दौर शुरू हो गया था। वो लंदन में ही रुक गए हैं। कहा जा रहा है कि आईसीसी बैठक के कमिटमेंट्स के चलते कुंबले वहां पर हैं। गौर तलब है कि कुंबले क्रिकेट समिति के चेयरमैन हैं और नियमों को लेकर बैठक में कुछ फैसले हो सकते हैं। वेस्टइंडीज के दौरे पर गई टीम को अब बिना कोच के ही खेलना पड़ेगा। वेस्टइंडीज के साथ 5 मैचों की सीरीज 23 जून से शुरू हो रही है। इन सबके बीच कहा जा रहा है कि टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने क्रिकेट सलाहकार समिति के सदस्यों के साथ बैठक की थी। उन्होंने तेंदुलकर, गांगुली और लक्ष्मण के सामने अनिल कुंबले के साथ अपने रिश्तों को लेकर नाराजगी जताई थी। कुंबले के पद छोड़ने के बाद कहा जा रहा है कि ये टीम इंडिया के लिए अच्छे संकेत नहीं है। इसके बाद तो कुंबले जाते जाते कह गए कि विराट कोहली से उनके संबंध किसी भी हाल में अच्छे नहीं थे। जाते जाते कुंबले साफ कर चुके हैं कि आने वाला वक्त टीम इंडिया के लिए शायद अच्छा नहीं है।
बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान ही कुंबले का एक साल का कॉन्ट्रैक्ट पूरा हो गया था। जिसे वो बढ़ाना नहीं चाहते हैं। बीसीसीआई ने कोच के लिए आवेदन मांगे हैं। कहा जा रहा है कि पूर्व धाकड़ बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग टीम इंडिया के नए कोच हो सकते हैं। उन्होंने इश पद के लिए अप्लाई भी किया है। कुंबले और कोहली के बीच चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान मनमुटाव साफ देखने को मिल रहा था। दोनों के बीच बातचीत बंद होने की भी खबर थी। फिलहाल कुंबले जैसे खिलाड़ी का इस तरह से कोच पद से इस्तीफा देना टीम इंडिया के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं सोशल मीडिया पर भी कहा जा रहा है कि कुंबले जैसा ईमानदार और अनुभवी खिलाड़ी अब नहीं मिलेगा। पूरे क्रिकेट करियर के दौरान कुंबले के दामन पर एक भी दाग नहीं लगा है। कोहली को समझना होगा कि वो खेल से बड़े नहीं हैं. उन्हे खुद से बड़े और महान खिलाड़ियों का आदर करना सीखना चाहिए.