उत्तराखंड की बेटी अपनी ‘एक्टिंग’ से गाड़ेगी झंडे, बॉलीवुड में ‘पहाड़ी’ गदर
Jul 2 2017 10:26AM, Writer:कपिल
उत्तराखंड को प्रतिभावान कलाकारों की जन्मभूमि भी कहा जाए तो इस बात में कोई शक नहीं। उत्तराखंड से हर बार एक नया कलाकार बॉलीवुड में कदम रख रहा है और अपनी छाप छोड़ रहा है। आज हम बात करने जा रहे हैं तान्या पुरोहित की। उत्तराखंड की बेटी तान्या पुरोहित एक बार फिर से बड़े पर्दे पर नजर आने वाली हैं। तान्या पुरोहित जल्द ही एक नई फिल्म में मुख्य किरदार में दिखाई देंगी। केएनसी मीडिया हाउस के बैनर तले बन रही हिंदी फिल्म 'बियॉन्ड बाउंड्रीज' में तान्या मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म की कहानी भारत-पाकिस्तान की सीमा और कश्मीर संघर्ष पर है। मशहूर मराठी फिल्म निर्देशक कमल नथानी के निर्देशन में ये फिल्म की गई है। आपको बता दें कि मार्च 2015 में आई अनुष्का शर्मा की फिल्म NH 10 में उत्तराखंड की इस बेटी ने दमदार किरदार निभाया था। उस फिल्म में भी उनके अभिनय की जमकर तारीफ की गई थी।
फिल्म 'बियॉन्ड बाउंड्रीज' में तान्या ने मुख्य नायिका का किरदार निभाया है। तान्या को सेना के एक अधिकारी की बेटी के रुप में दिखाया गया है। जो पूरी कहानी को फ्लैश बैक में बताती है। पिछले अक्टूबर में उन्होंने 4 से 5 दिन दिल्ली में शूटिंग की थी। तान्या के मुताबिक उन्हें ये फिल्म संयोग से मिली। तान्या कहती हैं कि एक दिन उनके एक मित्र का उनको कॉल आया और इस फिल्म के बारे में बताया। उसने उन्हें एक छोटी ऑडिशन क्लिप भेजने के लिए कहा था। जिसमें उन्हें एक तस्वीर से बात करनी थी। तान्या ने अपने ऑफिस से ये क्लिप बनाकर भेज दी। कुछ ही मिनटों में तान्या को अपने निर्देशक का फोन आया जिन्होंने कहा कि उन्हें ऑडिशन बहुत पसंद आया और वे मिलना चाहते हैं। थियेटर कलाकार उत्तराखंड की बेटी तान्या ने अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की मुख्य भूमिका वाली फिल्म एनएच-10 से तान्या ने बॉलीवुड में अपना सफर शुरू किया था।
इस फिल्म में उनके अभिनय को काफी सराहा गया था। मूलरूप से श्रीनगर गढ़वाल की रहने वाली तान्या को अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की फिल्म एनएच-10 में ब्रेक मिला था। तान्या शर्मा चौथी कक्षा से थियेटर कर रही हैं। तान्या की पढ़ाई श्रीनगर में ही हुई। उनके पिता गढ़वाल विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं। वो इस वक्त अंग्रेजी विभाग के विभागाध्यक्ष हैं। तान्या अपने पति के साथ दिल्ली में रहती हैं। तान्या ने बताया कि एक सीन में दीप्ति नवल को उन्हें थप्पड़ मारना था। उस एक थप्पड़ के लिए उन्होंने 21 थप्पड़ खाए। तब कहीं जाकर शॉट ओके हुआ। फिल्म एनएच-10 में तान्या हरियाणा के गांव की महिला बनी थीं। फिल्म में उनके किरदार का नाम मंजू था। जो कि फिल्म के विलेन दर्शन कुमार की पत्नी और दीप्ति नवल की बहू थीं। एक बार फिर से उत्तराखंड की इस बेटी को आने वाली फिल्म के लिए राज्य समीक्षा की टीम की तरफ से बधाई।