उत्तराखंड की बेटियों ने पाकिस्तान को रौंद डाला, वर्ल्ड क्रिकेट ने देखी पहाड़ी पावर
Jul 3 2017 8:51AM, Writer:कपिल
आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप में उत्तराखंड की बेटियों का जादू चला। उत्तराखंड की बेटी एकता बिष्ट के फिरकी में फंसकर पाकिस्तानी खिलाड़ी ढेर हो गए। भारत ने आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप के राउंड रोबिन मैच में पाकिस्तान को बुरी तरह से धूल चटाई। उत्तराखंड में अल्मोड़ा की रहने वाली एकता बिष्ट की स्पिन गेंदबाजी के जाल में पाकिस्तान खिलाड़ी फंस गए और धराशायी हो गए। एकता ने भारत की तरफ से पहली सफलता हासिल की। अपने पहले ओवर में एकता बिष्ट ने पाकिस्तानी ओपनर आयशा को एक रन पर चलता किया। एकता बिष्ट ने 10 ओवरों में 18 रन देकर कुल पांच विकेट झटके। इस मैच में इन्होंने 2 मेडन ओवर दिए। आईसीसी वूमैन वर्ल्ड कप 2017 में भारत और पाकिस्तान के बीच टूर्नामेंट का 11 वां मैच हुआ। इसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 50 ओवरों में 169 रन ही बना सकी। ऐसे में अब दारोमदार भारतीय गेंदबाजों पर था। जिसे उत्तराखंड की दो बेटियों ने बखूबी निभाया और पाकिस्तान को 74 रन पर ढेर कर दिया।
भारत ये मैच 95 रन से जीता। वर्ल्ड कप 2017 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच में उत्तराखंड की बेटियों एकता बिष्ट और मानसी जोशी के जादू के आगे पाकिस्तान प्लेयर्स बेबस नजर आए। पाकिस्तान का पहला और आखिरी विकेट उत्तराखंड की दोनों बेटियों की झोली में गिरा। उत्तरकाशी की मानसी जोशी ने 6.1 ओवर 9 रन देकर दो विकेट झटके। भारत ने आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप के राउंड रोबिन मैच में पाकिस्तान को कम स्कोर वाले मैच में 95 रन से हराकर जीत की हैट्रिक बनाई। तेज गेंदबाज मानसी जोशी ने दो, झूलन गोस्वामी, हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने भी एक-एक विकेट लिया। पाकिस्तान की तरफ से कप्तान सना मीर ने सर्वाधिक 29 रन बनाए। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज नाहिदा खान सिर्फ 23 रन बनाकर दोहरे अंक में पहुंच पाई। इससे पहले पाकिस्तान की तरफ से नासरा संधू ने 26 रन पर चार विकेट लिए। सादिया यूसुफ 30 रन देकर दो विकेट लिए। भारत पाकिस्तान की घातक स्पिन के सामने नौ विकेट पर 169 रन ही बना सकी।
तेज गेंदबाज डायना बेग ने भी 28 रन देकर एक विकेट हासिल किया। भारत की तरफ से सलामी बल्लेबाज पूनम राउत ने सबसे ज्यादा 47 रन की पारी खेली जबकि दीप्ति शर्मा ने 28 रन बनाए। सुषमा वर्मा (33) और झूलन गोस्वामी (14) ने सातवें विकेट के लिए 34 रन जोड़कर टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। बता दें कि मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर भी एकता बिष्ट की तारीफ कर चुके हैं। मास्टर ब्लास्टर ने एकता की जबरदस्त फिल्डिंग पर उन्हें बधाई दी थी। ऐसा पहला मौका है, जब सचिन ने किसी महिला क्रिकेटर की तारीफ की हो। भारत तीन मैचों में तीन जीत से छह अंक के साथ अंक तालिका में सबसे ऊपर है। जबकि पाकिस्तान ने अपने तीनों मैच गंवाए हैं। चैंपियंस ट्रॉफी में जिस तरह पाकिस्तान के भारत को बुरी तरह हराया। उसी तरह इस बार भी पाकिस्तानी महिला टीम भारतीय टीम पर हावी नजर आ रही थी। लेकिन उत्तराखंड की इस लड़की ने पासा ही पलट दिया और मैच में भारत झोली में डाल दिया।