उत्तराखंड की ‘एकता’, कभी कर्ज में डूबी थी, आज सचिन तेंदुलकर हैं सबसे बड़े फैन
Jul 4 2017 6:28PM, Writer:प्रगति
उत्तराखंड की बेटी एकता बिष्ट आज पूरे देश की शान बन चुकी है। पाकिस्तान की टीम की बखिया उधेड़ने वाली इस लड़की की कहानी पढ़ेंगे तो हैरान रह जाएंगे। कभी इस बेटी के पास क्रिकेट खेलने के लिए पैसे नहीं थे। क्रिकेट खेलने की प्रतिभा तो पहले से ही थी। 2010 में एकता बिष्ट का सलेक्शन इंडिया ए महिला क्रिकेट टीम के लिए हुआ। इस वक्त एकता को मुंबई जाना था। इसके लिए इन्हें 10 हजार रुपयों की जरूरत थी। लेकिन एकता के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी। इस वजह से पैसों का इंतजाम नहीं हो पा रहा था। लेकिन कहते हैं ना कि अगर आपके दिल में कुछ करने की जिद हो तो कुदरत भी आपकी मदद करती है। एकता बिष्ट भी जिद कर बैठी थी कि किसी भी हाल में ये मौका नहीं गंवाना है। एकता हर हाल में मुंबई जाना चाहती थी और भारतीय टीम का हिस्सा बनना चाहती थी। एकता के माता पिता मुश्किल से दो हजार रुपये जुटा पाए थे।
इसके बाद कहा जाता है कि एकता की मां ने अपने देवर से तीन हजार रुपये उधार लिए थे। कुल मिलाकर 5 हजार रुपये हो गए थे। अब बचे थे 5 हजार रुपये। इस बीच एकता के कोच उनके लिए भगवान बनकर आए। एकता के कोच लियाकत अली ने बाकी के 5 हजार रुपयों का इंतजाम किया था। इसके बाद एकता मुंबई की ओर चल पड़ी और यहीं से उनकी सफलता की कहानी भी शुरु हो गई। जिंदगी में इसके बाद एकता ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। ठीक एक साल बाद 2011 में एकता बिष्ट ने 20-20 इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू किया। आज एकता देश की शान बन चुकी हैं। अगर आपको एकता के संघर्ष की ये कहानी पसंद आए तो शेयर जरूर करें। आखिर दुनिया को पता चलना चाहिए कि उत्तराखंड की बेटी किस तरह से आज वर्ल्ड क्रिकेट पर राज कर रही है। पाकिस्तान के खिलाफ जिस तरह से एकता ने प्रदर्शन किया, उससे उन्होंने प्रदेश ही नहीं बल्कि देश का भी मान बढ़ाया।
ऐसा बहुत कम बार देखा जाता है कि मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने किसी क्रिकेटर की तारीफ की हो। सचिन इससे पहले एकता बिष्ट की जमकर तारीफ कर चुके हैं। मास्टर ब्लास्टर ने एकता की जबरदस्त फिल्डिंग पर उन्हें बधाई दी थी। पाकिस्तान के खिलाफ एकता ने भारत की तरफ से पहली सफलता हासिल की। अपने पहले ओवर में एकता बिष्ट ने पाकिस्तानी ओपनर आयशा को एक रन पर चलता किया। एकता बिष्ट ने 10 ओवरों में 18 रन देकर कुल पांच विकेट झटके। इस मैच में इन्होंने 2 मेडन ओवर दिए। आईसीसी वूमैन वर्ल्ड कप 2017 में भारत और पाकिस्तान के बीच टूर्नामेंट का 11 वां मैच हुआ। इसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 50 ओवरों में 169 रन ही बना सकी। ऐसे में अब दारोमदार भारतीय गेंदबाजों पर था। जिसे उत्तराखंड की दो बेटियों ने बखूबी निभाया और पाकिस्तान को 74 रन पर ढेर कर दिया।भारत ये मैच 95 रन से जीता। उत्तराखंड की बेटियों एकता बिष्ट और मानसी जोशी के जादू के आगे पाकिस्तान प्लेयर्स बेबस नजर आए।