कौन कहता है कि पहाड़ियों में दम नहीं होता ? ये वीडियो देखिए यकीन हो जाएगा...
Jul 8 2017 1:46PM, Writer:मीत
कहानी की शुरुआत करें उससे पहले हम चाहते हैं कि आप ये वीडियो देख लें। यकीन होगा आपको कि आप पहाड़ों के संगीत को जी रहे हैं। अब बात उनकी करते हैं उनकी, जिन्होंने ये खूबसूरत और दिल को छू लेने वाला गीत तैयार किया है। ये है उत्तराखंड का ‘भैरवाज’ बैंड। संकल्प खेतवाल की आवाज, सौरभ नेगी और रजत डोभाल की गिटार, आशु पाल के द्वारा तैयार की गई तबले की धुन बेहतरीन है। गजब हैं ये नए पहाड़ी युवा, जो जी रहे हैं हमारे पहाड़ के संगीत को। अब इस तरह के गाने तैयार हो रहे हैं तो आखिर कौन इसे बार बार नहीं सुनना चाहेगा। संकल्प खेतवाल देहरादून के रहने वाले हैं। संगीत इन्हें बचपन से ही मिला है। पिता गढ़वाली म्यूजिक के डायरेक्टर रह चुके हैं। राज्य समीक्षा से बात करते हुए संकल्प कहते हैं कि उन्हें अपने पहाड़ के संगीत से बेहद प्यार है। पहले इनके बैंड ने हिंदी और क्लासिकल गीतों की तरफ फोकस किया था लेकिन कहते हैं संगीत की साधना सबसे पहले अपनी जड़ों से होती है।
ऐसा ही कुछ इन लड़कों ने किया। देहरादून में ही संकल्प का होम स्टूडियो भी है। इसी में इस गीत को तैयार किया गया है। यकीन मानिए आप इस गीत को सुनेंगे तो दिल पहाड़ों के किसी गांव में चला जाएगा। संकल्प कहते हैं कि आज उत्तराखंड का संगीत उस लेवल पर है, जहां हर कोई इसकी इज्जत करता है। आपको यहां ये भी बताना चाहते हैं कि संकल्प इससे पहले कलर्स चैनल पर आने वाले राइजिंग स्टार टैलेंट शो में भी शिरकत कर चुके हैं। आलम ये है कि इन्होंने आज पहाड़ी संगीत को ही अपना जीवन बना लिया है। भातखंडे यूनिवर्सिटी से संकल्प ने डिग्री ली है। संकल्प कहते हैं कि अभी ये सिर्फ शुरुआत है और आगे बहुत कुछ करना है। संकल्प जो अगला पहाड़ी गाना लाने वाले हैं, उसमें उनके पिता भी उनके साथ होंगे। आज पहाड़ का संगीत दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। चाहे आप बात पांडवाज की कर लें, शाश्वत पंडित की करें या फिर पंकज सती की करें। हर कोई अपने हिसाब से शानदार कोशिश कर रहा है।
इसी कड़ी में संकल्प भी लगातार कोशिश कर रहे हैं कि पहाड़ी संगीत दुनिया में एक अलग छाप छोड़ सके। आप इस गीत को सुनेंगे तो आपको विश्वास भी हो जाएगा कि पहाड़ी फोक संगीत से बिना छेड़छाड़ किए हुए उसे एक नया रूप देने की कोशिश की गई है। गजब की बात तो ये है कि हाल ही में संकल्प से बॉलीवुड के जाने माने डायरेक्टर तिग्मांशु धूलिया ने मुलाकात की थी। तिग्मांशु ने संकल्प को भरोसा दिलाया है कि आने वाले वक्त में उनसे जितना हो सकेगा, उनकी मदद करेंगे। संकल्प की प्रतिभा की तारीफ करते हुए तिग्मांशु धूलिया ने कहा कि अपने पहाड़ी संगीत को आगे बढ़ाने का काम करें। संकल्प ने वो ही काम किया है। इसी वजह से ये गीत आज हर किसी की जुबां पर चढ़ रहा है। इस बैंड के मैनेजर संजीव चमोली हैं। वो ही इस बैंड के लिए साउंड इंजीनियरिंग करते हैं। फिलहाल राज्य समीक्षा की टीम से इस पहाड़ी बैंड को बहुत बहुत बधाई। आगे बढ़ते रहिए क्योंकि कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। अब आप ये शानदार वीडियो भी देख लीजिए।