पीएम मोदी ने 13 साल की बच्ची को लिखा खत, भ्रष्टाचार की पोल खोली, एक्शन लिया
Jul 21 2017 8:30PM, Writer:Shantanu
हिंदुस्तान से करप्शन को खत्म करने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी लगातार कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने एक मुहिम छेड़ रखी है। इस मुहिम में जनता भी सहयोग कर रही है। पटियाला की 13 साल की एक बच्ची ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मोदी की लड़ाई में सहयोग दिया। जिसके कारण दिल्ली में राजघाट का पूरा स्टाफ मोदी सरकार ने बदल दिया। 7वीं क्लास में पढ़ने वाली हश्मिता ने जो किया अगर वो हर देशवासी करे तो भ्रष्टाचार की समस्या काफी कम हो सकती है। पीएम मोदी ने हश्मिता के काम के लिए उसकी तारीफ भी की है। पटियाला के सनौर कस्बे की रहने वाली हश्मिता कुछ दिनों पहले दिल्ली आई थी। यहां पर वो राजघाट महात्मा गांधी की समाधि पर भी गई। वहां पर उसने देखा कि जूते रखने के लिए दो काउंटर हैं। एक काउंटर पेड है, जहां जूते रखने पर 1 रूपये देने पड़ते हैं। दूसरा काउंटर फ्री है।
राजधाट पर हश्मिता ने देखा कि काउंटर पर काम करने वाले कर्मचारी विदेशी सैलानियों से 100-100 रूपये वसूल रहे हैं। ये देख कर हश्मिता को अच्छा नहीं लगा। हश्मिता को लगा कि इस तरह से विदेशी सैलानियों को लूटना अच्छी बात नहीं है। इस से भारत की इमेज खराब हो रही है। वो इस ठगी को रोकने का तरीका सोचने लगी। वापस अपने घर लौटने पर उसने पीएम मोदी को एक खत लिखा। उसके पास नरेंद्र मोदी का पता नहीं था लिहाजा उस ने लिफाफे पर केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नई दिल्ली लिख कर पोस्ट कर दिया। उस ने खत में राजघाट पर हो रही ठगी के बारे में पूरी जानकारी दी। हश्मिता का खत पीएमओ तक पहुंचा उसके बाद फौरन एक्शन लिया गया। शिकायत सही पाए जाने के बाद राजघाट के पूरे स्टाफ को बदल दिया गया। फिर से ठगी ना हो इसके लिए सीसीटीवी भी लगाए जा रहे हैं।
इस घटना के बाद हश्मिता फेमस हो गई। इसके बाद पीएम मोदी ने हश्मिता को खुद खत लिख कर धन्यवाद दिया और उसकी तारीफ भी की। पीएम की चिट्ठी से हश्मिता के पिता हैरान हो गए उन्हे खुशी है कि उनकी बेटी ने भ्रष्टाचार को खत्म करने में सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि हश्मिता अपने आस पास के माहौल को लेकर बहुत सजग रहती है। वो खुद सोचती है कि वो समाज में क्या बदलाव ला सकती है। उसकी जागरूकता के कारण राजघाट में हो रही ठगी बंद हो गई है। उसके बाद पीएम मोदी की तरफ से तारीफ भरे खत से वो काफी खुश है। खुद उसके पिता का कहना है कि हश्मिता ने उनको भी हैरान कर दिया है। उसने ये नहीं बताया था कि उसने पीएम मोदी को चिट्ठी लिखी है। अगर हम सभी हश्मिता की तरह जागरूक बन जाएं तो देश से भ्रष्टाचार को खत्म किया जा सकता है।