उत्तराखंड को चाहिए ऐसे जिलाधिकारी, रुद्रप्रयाग की ये तस्वीर बहुत कुछ कहती है !
Jul 22 2017 8:48PM, Writer:कपिल
उत्तराखंड में एक जिला पड़ता है कि रुद्रप्रयाग। इस जिले में जिलाधिकारी हैं मंगलेश घिल्डियाल। रुद्रप्रयाग जिले में धीरे धीरे इनका नाम ‘सिंघम’ पड़ रहा है। इनके बारे में कुछ बताएं, सबसे पहले आप ये तस्वीर जरा गौर से देखिए। इसके बाद हमारा आपसे सवाल है कि आपने देश में किसी डीएम को ऐसा काम करते हुए बमुश्किल देखा होगा। रुद्रप्रयाग के लोगों का कहना है कि इनके आने के बाद रुद्रप्रयाग में बहुत कुछ सुधार हो रहा है। जिस प्रकार वर्तमान समय मे जिले में कार्य हो रहे हैं, उससे जल्द ही जिले की दशा बदल जाएगी। इसके साथ ही मंगलेश से अब जिले की जनता की और अधिक उम्मीदें जुड़ गई हैं। ज़िलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल का बच्चों से ख़ासा लगाव है। जब भी वह किसी गांव में निरीक्षण या चौपाल के लिए जाते हैं तो वहाँ बच्चों से ज़रूर मिलते हैं। ग्राम पंचायत डोभा में चौपाल कार्यक्रम के बाद ज़िलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के साथ मध्याह्न भोजन किया।
साथ ही उन्होंने भोजन की गुणवत्ता भी देखी। मंगलेश घिल्डियाल को सबसे ज्यादा लगाव बच्चों से है। वो जहां भी जाते हैं बच्चों से बातचीत करते हैं। स्कूल में जाते हैं तो बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर मध्याहन भोजन करते हैं। बच्चों की परेशानी सुनते हैं। जिलाधिकारी का मानना है कि बच्चों की पढ़ाई कभी भी नहीं रुकनी चाहिए। ये वही मंगलेश घिल्डियाल है जिन्होंने केदारनाथ में हेली कंपनियों के द्वारा नियमों की अनदेखी को देखा, तो सख्त एक्शन लिया था। उन्होंने डीजीसीए को पत्र लिखकर इसकी शिकायत की थी। ये वही मंगलेश घिल्डियाल हैं जो लापरवाह सरकारी अधिकारियों के लिए आफत बन गए हैं। जाहिर है कि ऐसा जिलाधिकारी अगर राज्य के हर जिले को मिल जाए तो हर जिला खुशहाल हो पाएगा। इसके साथ ही मंगलेश घिल्डियाव का ध्यान कानून व्यवस्था पर भी रहता है। मंगलेश का सीधा मानना है कि अगर बदलाव लाना है तो इसके लिए सबसे पहले खुद ही हाथ और कदम बढ़ाने होंगे।
जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल द्वारा ग्राम सभा डोभा विकास खण्ड जखोली में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्या सुनी गई। इसके साथ ही ग्राम सभा डोभा के अन्तर्गत हो रहे कार्यो का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने चौपाल में अधिकारी को निर्देश दिये कि ग्रामीणो द्वारा जो भी समस्याएं रखी गई हैं, उनका तत्काल समाधान किया जाए। इसके साथ ही इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रो में विभिन्न प्रकार की स्वरोजगार योजनाएं संचालित की जा रही है। जनता को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। उनका कहना है कि ग्रामीण महिलाओं को महिला समूह बनाकर बंजर भूमि पर सब्जी का उत्पादन, मसाले की खेती, जडी-बूटी आदि की खेती करनी चाहिए, जिससे रोजगार के साधन खुद ही उपलब्ध होंगे। फिलहाल रुद्रप्रयाग जिले के लोग इस डीएम के कामों से खुश नजर आ रहे हैं। आने वाले वक्त में कैसा बदलाव होगा, ये तो आगे पता चलेगा।