नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा, पीएम मोदी ने की तारीफ, लालू यादव ने दी धमकी !
Jul 26 2017 8:51PM, Writer:Shantanu
जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बिहार की सियासत में धमाका कर दिया है। उन्होंने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। इसी के साथ महागठबंधन भी टूट गया है। लालू यादव के परिवार की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। बिहार के सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार ने मीडिया को संबोधित किया। राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी को इस्तीफा सौंपने के बाद उन्होंने जो बाते कहीं वो उनका दर्द बयान कर रहा है। नीतीश ने साफ कहा कि तेजस्वी यादव पर आरोप लगने के बाद जिस तरह से हालात बन रहे थे उस में सरकार चलाना मुश्किल हो रहा था। नीतीश ने कहा कि उन्होंने अंतरात्मा की आवाज पर इस्तीफा दिया। साथ ही नीतीश ने कहा कि उन्होंने इस्तीफा देने से पहले लालू यादव और कांग्रेस को सूचित कर दिया था। इसी के साथ नीतीश ने बिहार के हित में बीजेपी के समर्थन को लेकर भी संकेत दिए हैं।
नीतीश कुमार ने कहा कि तेजस्वी यादव के खिलाफ जो आरोप लगे थे उसके बाद उनके लिए काम करना मुश्किल हो गया था। जनता के मन में गलत धारणा बनती जा रही थी। उन्होंने कहा कि तेजस्वी से इस्तीफा नहीं मांगा गया था। वो किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं। उन्होंने गठबंधन धर्म पूरी तरफ से निभाया, लेकिन सहयोगी दलों ने उनकी बात नहीं समझी। नीतीश ने कहा कि उन पर लगातार हमला किया जा रहा था। नोटबंदी से लेकर राष्ट्रपति चुनाव में रामनाथ कोविंद के समर्थन को लेकर उन पर हमला किया गया। लगातार उनको निशाना बनाया जा रहा था। वो अपने मन से फैसला ले नहीं पा रहे थे। काम काज प्रभावित हो रहा था। नीतीश ने कहा कि जब उन्होंने नोटबंदी का समर्थन किया था उसके बाद से ही उन पर हमला किया जा रहा था। नोटबंदी के बाद बेनामी संपत्तियों पर एक्शन लेने की मांग की थी।
बीजेपी ने पहले ही कहा है कि वो नीतीश को बाहर से समर्थन देने के लिए तैयार है। फिलहाल जो स्थिति है उस में बिहार में लालू के पास सबसे ज्यादा 80 विधायक हैं। जेडीयू के पास 71, बीजेपी के पास 53 और कांग्रेस के पास 27 सीटें हैं। बीजेपी के सात मिलकर नीतीश आराम से सरकार बना सकते हैं। नीतीश के 71 और एनडीए के 58 विधायक मिलकर बहुमत के आंकड़े को पार कर रहे हैं। जेडीयू नेता केसी त्यागी ने साफ कर दिया है कि अब लालू यादव उनके लिए अछूत हो गए हैं। लालू ने नीतीश पर हत्या के आरोप का मामला उठा कर ओछी राजनीति का परिचय दिया है।वहीं पीएम मोदी ने नीतीश कुमार के फैसले की जमकर तारीफ की है। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि सवा सौ करोड़ भारतीय भ्रष्टाचार के खिलाफ नीतीश के फैसले के साथ खड़े हैं। इस ट्वीट के बाद ही कहा जाने लगा कि बीजेपी नीतीश को समर्थन देगी।