उत्तराखंड की ‘क्रिकेटर’ बेटी का जलवा, इस मामले में विराट कोहली को छोड़ा पीछे !
Aug 1 2017 6:24PM, Writer:सुमित
हाल ही में वर्ल्ड कप में अपना जलवा बिखेर चुकी भारत की महिला क्रिकेटर मानसी जोशी अब एक बड़ा काम करने जा रही हैं। बताया जा रहा हैं ये इंटरनेशनल खिलाड़ी अब युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए अभियान का हिस्सा बनने जा रही हैं। नशे और यातायात नियमों का पालन करने के लिए मानसी जोशी वो काम करने जा रही हैं, जो शायद अब तक विराट कोहली ने भी नहीं किया है। बताया जा रहा है कि मानसी उत्तराखंड के लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करेंगी। इसके लिए उत्तराखंड पुलिस ने मानसी की आवाज में एक मैसेज रिकॉर्ड कर लिया है। इससे पहले मानसी ने वर्ल्ड कप में शानदार खेल दिखाया था। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में मानसी जोशी ने दो विकेट लिए थे। इस शानदार प्रदर्शन के लिए मानसी को बकायदा सम्मानित भी किया गया है। मानसी जोशी का कहना है कि कठिन परिश्रम से ही कोई बड़े से बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है। इसके साथ ही उनका कहना है कि वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के प्रदर्शन ने देश में बेटियों के प्रति नजरिया बदला है।
वैसे ये बात भी सच है कि वर्ल्ड कप से पहले कोई बमुश्किल ही महिला क्रिकेट का कोई मैच देखता था। लेकिन जबसे टीम इंडिया की खिलाड़ियों ने वर्ल्ड कप में जीत दर जीत हासिल की है, उससे हर कोई हैरान रह गया। हालांकि भारतीय टीम ने फाइनल में जीत हासिल ना की हो, इसके बाद भी कई लोग विराट कोहली की टीम से ज्यादा इस महिला टीम को ही आंक रहे हैं। मानसी का कहना है कि अगर कोई बेटी खेलों में अपना करियर बनाना चाहती है तो, अभिभावकों को उन्हें प्रेरित करना चाहिए। कुल मिलाकर कहें तो ये खिलाड़ी अब नया काम करने जा रही हैं। रेसकोर्स की पुलिस लाइन में मानसी के सम्मान में एक समारोह का आयोजन किया गया था। इस समारोह में मानसी और उनके कोच विरेंद्र सिंह रौतेला को सम्मानित किया गया था। इसके साथ ही मानसी ने देहरादून के लोगों से अपील की कि सावधानी से वाहन चलाएं। इसके साथ ही मानसी ने कहा कि कभी भी नशे का सेवन ना करें, क्योंकि ये जिंदगी को सिर्फ बर्बाद कर सकता है, और कुछ नहीं।
मानसी ने नशे से दूर रहने और दून पुलिस के नशा विरोधी अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। इस मौके पर एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने मानसी की सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि वो भविष्य में भी देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। इस दौरान पुलिस लाइन में मानसी जोशी ने पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधरोपण भी किया। इसके अलावा सेंट जोजफ्स ऐकेडमी में भी मानसी के स्वागत में कार्यक्रम किया गया। स्कूल की तरफ से मानसी को स्मृति चिह्न दिया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई । इस मौके पर मानसी ने कहा कि वो स्कूल की शुक्रगुजार हैं क्योंकि स्कूल ने उन्हें यहां प्रैक्टिस करने की अनुमति दी। यहां कोच वीएस रौतेला ने उन्हें और बेहतर करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने मसूरी में आयोजित हुई चेस प्रतियोगिता में उपविजेता रही स्कूल टीम को पुरस्कृत किया। इसके साथ ही कहा जा रहा है कि मानसी जोशी और एकता बिष्ट को उत्तराखंड प्रीमियर लीग का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा।