Uttarakhand: देश में कहीं नहीं बनेगा चारों धाम के नाम पर मंदिर, CM धामी ने केदारनाथ सीट से किये 25 बड़े वादे
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अगस्त्यमुनि दौरा किया, रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि क्रीड़ा मैदान में लखपति दीदी अभियान-शक्ति को सम्मान कार्यक्रम में CM धामी ने क्षेत्र को 195 करोड़ 75 लाख 16 हजार की सौगात दी।
Oct 6 2024 10:00PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि खेल मैदान में लखपति दीदी अभियान-शक्ति को सम्मान कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि केदार घाटी के स्थानीय उत्पादों को केदार ब्रांड के तहत देश-विदेश में उत्पादित एवं विक्रय किया जायेगा, जो मातृशक्ति के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
CM Dhami's 25 big promises in Kedarnath assembly constituency
केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव से पहले CM धामी ने अगस्त्यमुनि में जनसभा को सबोधित किया और राज्य सरकार केदार घाटी की धार्मिक पहचान के अलावा घाटी को एक नई पहचान देने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में 31 जुलाई को भारी बारिश से व्यापक क्षति हुई और सड़कें एवं फुटपाथ बंद हो गये, यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर फंसे लगभग 15,000 लोगों को मैनुअल और हेलीकॉप्टर वाहनों का उपयोग करके रिकॉर्ड समय में बचाया और सुरक्षित निकाला गया। इसके अलावा, 15 दिनों में मार्ग को समतल करने के बाद, यात्रा ने एक महीने के भीतर अपना पूर्व भव्य स्वरूप बहाल कर लिया।
देश में कहीं नहीं बनेगा चारों धाम के नाम पर मंदिर
धामी ने कहा कि केदारनाथ धाम एक था, एक है और एक ही रहेगा। उत्तराखंड के चारों धामों ने नाम पर कोई भी मंदिर देश में कहीं नहीं बन सकता। राज्य और यहां के लोगों के हित में जल्द ही एक सख्त भूमि कानून लागू किया जाएगा। अवैध तरीके से जमीन खरीदने-बेचने वालों से जमीन जब्त कर राज्य के स्वामित्व में हस्तांतरित कर दी जायेगी। समान नागरिकता संहिता लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य होगा।
रुद्रप्रयाग जिले में 4000 से अधिक महिलाएं लखपति दीदी
CM धामी ने कहा कि राज्य को नई पहचान देने में मातृशक्ति की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश भर में सैकड़ों महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हजारों महिलाएं विश्व स्तरीय उत्पाद बनाकर अपने समूह और प्रदेश को एक नई पहचान दे रही हैं और आपकी आजीविका में सुधार कर रही हैं। राज्य सरकार ने हाउस ऑफ हिमालयाज की स्थापना की है और मातृशक्ति द्वारा बनाये गए राज्य के उत्पादों की रीब्रांडिंग कर महिलाओं को मजबूत करने का काम कर रही है। रुद्रप्रयाग जिले में 4000 से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनने में कामयाब हो चुकी हैं और इनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। इस अवसर पर क्षेत्रीय बीजेपी नेता उत्तराखंड महिला मोर्चा अध्यक्ष आशा नौटियाल, राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा, जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, विधायक रुद्रप्रयाग भरत सिंह चौधरी आदि भी मौजूद थे।
केदारनाथ विधानसभा में मुख्यमंत्री ने की ये घोषणाएं
1. त्रियुगीनारायण-तोषी गरुड़चट्टी मार्ग स्वीकृति
2. विजयनगर झूला पुल से रामलीला मैदान के पीछे एप्रोच रोड एवं पार्किंग का निर्माण किया जाएगा।
3. स्व. शहीद फते सिंह रा०उ०मा०वि० बाडव का उच्चीकरण कर इण्टरमीडिएट किया जाएगा।
4. श्री वासुदेव मंदिर पुजारगांव के सौन्दर्गीकरण हेतु रुपए 01 करोड़ की स्वीकृति।
5. ग्राम मैठाणा के पणसिल्ला नामी तोक में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति।
6. राजकीय इंटर कॉलेज नागजगई, रांसी, पौठी, बावई, कमसाल, ग्वेफड़, खाखंरा, बीना में कला वर्ग के पदों की स्वीकृति दी जाएगी।
7. ग्राम सभा नाला में त्रिपुरा सुंदरी खेल मैदान, ग्राम सभा बडेथ (ताल जामण) के बुगला तोक, शिवानंदी, रणधार बांगर एवं कोठगी में मिनी स्टेडियम के निर्माण की स्वीकृति।
8. पर्यटक स्थल बधाणीताल का सौंदर्यीकरण किया जायेगा।
9. सुमाड़ी को नगर पंचायत बनाया जायेगा।
10. थाती बड़मा में वैटनरी मेडिकल की स्वीकृति (पूर्व में प्रस्तावित स्वीकृति सैनिक स्कूल की भूमि पर)
11. चिरबटिया आईटीआई का भवन निर्माण किया जायेगा।
12. रुद्रप्रयाग में सर्किट हाउस का निर्माण किया जायेगा।
13. गंगाधर मैठाणी राजकीय महाविद्यालय विद्यापीठ में बीएससी, एमएससी एवं एमए के साथ स्नातकोत्तर की स्वीकृति दी जाती है।
14. नाला से जाखधार- बणसू- त्यूडी तक मोटर मार्ग का डामरीकरण किया जायेगा।
15. चोपता में पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन के अवशेष निर्माण कार्य को पूर्ण करने हेतु वन पत्रावली का निस्तारण किया जायेगा।
16. ऊखीमठ- पिंगला पानी पेयजल योजना की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जाती है।
17. गुप्तकाशी- मस्ता- कालीमठ मोटर मार्ग की स्वीकृति दी जाती है
18. सिल्ला- बामण गाँव में साणेश्वर मन्दिर, सिद्धपीठ आशुतोष महादेव, तुगेश्रवर महादेव मन्दिर, फलासी एवं महड़ महादेव मंदिर महड़ गांव के सौंदर्गीकरण के लिए 25-25 लाख रुपए की स्वीकृति दी जाती है।
19. बसुकेदार में तहसील भवन के निर्माण की स्वीकृति दी जाती है।
20. पूर्व घोषणा के अंतर्गत शहीद राम सिंह राणा रा०उ०मा०वि० कालीमठ के उच्चीकरण की सैद्धान्तिक स्वीकृति ।
21. उरोली से कुंड सौड़ तक 2 किलोमीटर मोटर मार्ग की स्वीकृति दी जाती है।
22. जनता इंटर कॉलेज देवीधार (मोलखाचौरी) में भूगोल, ग्रह विज्ञान, मनोविज्ञान, एवं विज्ञान वर्ग की इंटर स्तर पर वित्त संहिता मान्यता स्वीकृति दी जाती है।
23. बदरी-केदार मंदिर समिति में अस्थाई कर्मियों का वन टाइम सेटलमेन्ट विनियमितीकरण किया जायेगा।
24. नगर पालिका परिषद रूद्रप्रयाग, अगस्त्यमुनि एवं नगर पंचायत तिलवाड़ा तथा ऊखीमठ के बाल्मिकी बस्ती के निवासियों हेतु आवासीय सुविधा की व्यवस्था की जायेगी।
25. फाटा में नई पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाएगी।