देवभूमि में यहां मचा मातम, बादल फटने से 3 लोगों की मौत, कई लोग बेघर !
Aug 13 2017 9:12AM, Writer:सुरेश
उत्तराखंड में मौसम अब कहर बनकर टूट रहा है। इस मौसम की वजह से लोगों की जिंदगी अस्त व्यस्त हो गई है। कोई कहीं फंसा है, तो कोई प्रशासन से मदद का इंतजार कर रहा है। आप इस वक्त जहां भी देखिए वहां मौसम ने कहर बरपाया हुआ है। नदियों का लेवल लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे समस्या और भी ज्यादा विकराल हो रही है। अब तो कई जगह से बादल फटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में तीन जगह बादल फटे हैं। इस वजह से तीन लोगों की मौत भी हो गई है। पूरे पिथौरागढ़ में मातम सा पसरा हुआ है। खबर मिलने पर पर पुलिस-प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। तीन जगहों पर बादल फटने से इलाके में भारी तबाही मची है। बताया जा रहा है कि 25 से ज्यादा मकान भी यहां तबाह हो गए हैं। इसके अलावा भारी बारिश की वजह से तीन पुल बह गए हैं।
पुलों के बहने से गांवों तक कोई संपर्क साधन नहीं मिल रहा है। इसके साथ ही फसलों को भयंकर नुकसान हुआ है। 24 परिवार ऐसे हैं, जो खौफ के साए में जी रहे हैं। इन परिवारों के घर बारिश की वजह से टूट गई हैं और इस वजह से इन्हें फिलहाल सरकारी स्कूलों में शरण दी गई है। फिलहाल राहतच और बचाव कार्य लगातार जारी है। इतना जरूर है कि बारिश का मौसम पहाड़ों के लिए इस बार भी आफत लेकर आया है। उधर गढ़वाल में बारिश और भी ज्यादा रौद्र रूप ले रही है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के सात जिलों में 48 घंटे बारिश की चेतावनी दी है। प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। मौसम विभाग का कहना है कि ज्यादा बारिश उत्तराखंड में तबाही का सबब बन सकती है। इसके अलावा इस खबर से जुड़ी कुछ और बातें भी हैं, जिसके बारे में आपका जानना जरूरी है।
प्रदेश की राजधानी देहरादून के अलावा हरिद्वार,पौड़ी, चंपावत, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में भयंकर बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसका असर पिथौरागढ़ में साफ तौर पर दिख भी गया है। सबसे संवेदनशील जगह है पिथौरागढ़। यहां बारिश से हर बार तबाही मचती है। हर बार देखा जाता है कि बारिश की वजह से यहां भूस्खलन और तबाही मचती है। पिथौरागढ़ में प्रशाशन को खास तौर पर अलर्ट रखा गया है क्योंकि बीते दिनों यहां भयंकर तबाही मची थी। उधर देहरादून में जिस तरह से बारिश हो रही है, वो चिंता का सबब बनती जा रही है। बारिश की वजह से पौड़ी कई जगहों में भूस्खलन जैसी स्थिति बन रही है। उधर हरिद्वार के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि हरिद्वार वालों को सावधान रहने की जरूरत है।