उत्तराखंड के लिए 15 अगस्त पर खुशखबरी, राष्ट्रपति से सम्मानित होंगे ये जांबाज !
Aug 14 2017 9:46PM, Writer:कपिल
उत्तराखंड पुलिस के सात जांबाज अधिकारियों को राष्ट्रपति सम्मान से नवाजा जाएगा। इनमें उत्तराखंड पुलिस के कुछ कर्मचारियों भी शामिल हैं। इन अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इस सम्मान से नवाजा जाएगा। उत्तराखंड के सात अफसरों को उत्कृष्ट सेवाएं देने के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। इन पदक पाने वालों की लिस्ट में कुमाऊं के डीआइजी और पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी भी शामिल हैं। अफसरों को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों मेडल और प्रशस्ति पत्र दिए किए जाएंगे। डीजीपी अनिल कुमार रतूड़ी ने इस बारे में मीडिया को जानकारी दी है। डीजीपी रतूड़ी ने बताया कि राज्य में क्राइम समेत कानून व्यवस्था बनाने में इन अधिकारियों और कर्मचारियों ने अहम भूमिका निभाई है। इसलिए इन अफसरों की विशिष्ट सेवा को देखते हुए उनके नाम राष्ट्रपति पुलिस मेडल के लिए भेजे गए थे।
इसके साथ ही डीजीपी रतूड़ी ने बताया कि सोमवार को राष्ट्रपति कार्यालय से सात अफसरों के नामों की लिस्ट उत्तराखंड को मिली हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इन तमाम अफसरों के नामों की घोषणा होगी और इन्हें राष्ट्रपति सम्मानित करेंगे। विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक कुमाऊं के डीआइजी अजय रौतेलाको दिया जा रहा है। इसके अलावा विशिष्ट सेवा के लिए ही एसटीएफ के दारोगा संतोष कुमार को राष्ट्रपति पुलिस पदक दिया जाएगा। इसके अलावा सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक को पौड़ी के एसएसपी जगतराम जोशी को दिया जाएगा। इसके साथ ही ये पदक हरिद्वार के डीएसपी खुशहाल सिंह, हरिद्वार में इंस्पेक्टर महानंद, पुलिस मुख्यालय के डीएसपी चक्रधर अंथवाल और प्लाटून कमांडर 46पीएसी रुद्रपुर के दीवान सिंह को दिया जाएगा। उत्तराखंड के डीजीपी रतूड़ी ने सभी अफसरों को बधाई दी है।
इसके अलावा 10 जून को सतोपंथ शिखर अभियान का सफल आरोहण करने वाली टीम लीडर रहे एएसपी नवनीत भुल्लर को भी राष्ट्रपति द्वारा सराहनीय सेवा पदक मिलेगा। विशिष्ट कार्य के लिए भुल्लर को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पुलिस मुख्यालय में डीजीपी के हाथों सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न दिया जाएगा। इसके अलावा उत्तराखंड के कुछ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। इनमें भगवत प्रसाद शाह, जो कि सतर्कता सेक्टर नैनीताल पुलिस उपाधीक्षक हैं, खुशहाल सिंह बिष्ट जो कि मंडलाधिकारी हरिद्वार पुलिस उपाधीक्षक हैं, कमल सिंह पंवार जो कि अल्मोड़ा प्रतिसार निरीक्षक हैं, प्रताप सिंह जो कि प्रथम नैनीताल एचसीपी चालक हैं। इसके अलावा कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों को विशिष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक मिलेगा।