ये है 50 रुपये का नया नोट, आरबीआई का ऐलान, नोट में होंगी ये खास बातें
Aug 18 2017 7:55PM, Writer:मीत
लंबे वक्त का इंतजार आखिरकार खत्म होने जा रहा है। आरबीआई यानी रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया अब 50 रुपये के नए नोट जारी करने वाला है। जी हां इससे पहले देशभर में इस बात को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म था कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया जल्द ही कोई बड़ा ऐलान कर सकता है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने लिखा है कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया जल्द ही अब 50 रुपये का नोट जारी करेगा। अब आपको बताते हैं कि आखिर इस नोट में क्या खास होगा। इस नोट की खास बात ये है कि इसमें एक तरफ महात्मा गांधी की फोटो लगी है। इसके अलावा इस नोट के दूसरी तरफ हम्पी के रथ की फोटो लगी होगी। बताया जा रहा है कि ये नोट देश की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाएगा। बताया जा रहा है कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया काफी वक्त से इस नोट को लॉन्च करने की तैयारी कर रही थी। इसके साथ ही रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने ये भी साफ कर दिया है कि पुराने सीरीज के नोट चलन से हटाए नहीं जाएंगे।
इसलिए अगर आपके मन में ये शंका है कि पुराने वाले 50 के नोट चलन से बाहर हो जाएंगे, तो ऐसा मत सोचिएगा। इसके अलावा रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया 50 रुपये के बाद 20 रुपये का नया नोट भी अगले महीने लॉन्च कर सकता है। बताया जा रहा है कि अगले महीने दशहरे से पहले इस नोट की लॉन्चिंग होगी। जारी की गई तस्वीरों के मुताबिक, 50 रुपये का नया नोट फिरोजी रंग में होगा। इस नोट की प्रिंटिंग और डिजाइन 500 और दो हजार के नोट की तरह है। बताया जा रहा है कि ये नोट महात्मा गांधी सीरीज-2005 का होगा । इसके साथ ही आपको इस पर भारतीय रिजर्व बैंक के गर्वनर उर्जित पटेल के सिग्नेचर मिलेंगे।इस नए नोट के पिछले हिस्से में दक्षिण भारत के मंदिर की फोटो छपी होगी। फिलहाल इसकी अब तक पुष्टि नहीं हो पाई है। जो तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, राज्य समीक्षा इसकी पुष्टि नहीं करता।
लेकिन इतना जरूर है कि 50 रुपये का नया नोट आ रहा है। क्योंकि जब तक खुद भारतीय रिजर्व बैंक इस नोट को अपनी तरफ से जारी नहीं कर देता तब तक इसकी सत्यता पर भरोसा नहीं हो सकता। इसके अलावा एक और बड़ी खबर ये भी है कि हो सकता है कि आपको 200 रुपये का नया नोट भी बाजार में दिखे। आरबीआई ने फिलहाल इसकी छपाई के लिए गािडलाइंस जारी कर दी हैं। इससे लोगों को पैसे के लेन-देन में सहायता मिलेगी। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने कुछ दिनों पहले ही नए नोट की छपाई के ऑर्डर दिए हैं। इन नोटों की छपाई सरकार की देखरेख में की जा रही है। बताया जा रहा है कि ये कदम ट्रांजैक्शंस को आसान बनाने के लिए उठाया गया है। इसके अलावा नोट के सिक्योरिटी फीचर्स की भी टेस्टिंग भी की जा रही है। आरबीआई ने साफ किया है कि इससे पहले जारी सभी सीरीज के 50 रुपये के पुराने नोट चलते रहेंगे।