उत्तराखंड में अगला महेंद्र सिंह धोनी तैयार, आर्यन जुयाल को BCCI से बुलावा !
Aug 21 2017 3:10PM, Writer:कपिल
उत्तराखंड के खिलाड़ियों की इस वक्त हर जगह धूम है। देखा जा रहा है कि हर खेल में उत्तराखंड के खिलाड़ी अपना हुनर दिखा रहे हैं। ऐसा ही एक नया चेहरा है आर्यन जुयाल। अगर आप इस नाम को नहीं जानते तो आज जान ही लीजिए। ये वो नाम है. जो आने वाले वक्त में भारतीय क्रिकेट टीम में एक अहम जिम्मेदारी निभाने जाएगा। भरोसा ही नहीं बल्कि पूरा विश्वास है कि आर्यन क्रिकेट की दुनिया में नाम कमाने के लिए बना है। दरअसल आर्यन एक बेहतरीन बल्लेबाज और शानदार विकेटकीपर है। आर्यन जुयाल का सलेक्शन BCCI की ओर से आयोजित होने वाले नेशनल विकेटकीपर कैंप के लिए हो गया है। ये कैंप 5 दिन का होगा। इस महीने की 27 से लेकर 31 अगस्त तक की तारीख आर्यन के लिए बेहद ही संघर्ष वाली होगी। आर्यन और धोनी में काफी खूबियां हैं, इस बारे में भी जानिए।
अगर आर्यन ने इस कॉम्पिटीशन में मैदान मार लिया तो वो वक्त दूर नहीं जब आपको धोनी की जगह आर्यन ही विकेट के पीछे दिखें। दरअसल टीम इंडिया के कप्तान रह चुके महेंद्र सिंह धोनी अब क्रिकेट को कभी भी अलविदा कह सकते हैं । आपको पता ही होगा कि धोनी भी उत्तराखंड के ल्वाली गांव के रहने वाले हैं। हालांकि बाद में माही झारखंड चले गए थे। खैर धोनी के संन्यास के बाद टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ा सवाल ये होगा कि आखिर माही का विकल्प कैसे ढूंढकर लाएं। इसके लिए बीसीसीआई लगातार खोज कर रही है। हल्द्वानी के विकेट कीपर बल्लेबाज आर्यन जुयाल एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। उन्होंने अभिमन्यु क्रिकेट ऐकेडमी से क्रिकेट की शुरुआत की। 2011 में आर्यन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की अंडर-14 टीम में शामिल हुए।
उन्होंने तीन साल तक अंडर-14 टीम की ओर से खेला और बेहतरीन खेल दिखाया है। 2016-17 में आर्यन ने सेंट्रल जोन की कप्तानी की। इसके साथ ही उन्होंने सबसे ज्यादा रन भी बनाए थे। इसके अलावा इंटर जोनल अंडर-16 टूर्नामेंट में भी आर्यन कप्तान रहे । यानी आर्यन और धोनी की कलाओं में कोई अंतर नहीं है। वो पहले भी नेशनल कैंप में ट्रेनिंग ले चुके हैं। आर्यन के हुनर को देखते हुए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने कैंप के लिए बीसीसीआइ को आर्यन का नाम सुझाया था। अब NCA में 27 से 31 अगस्त तक आर्यन को खुद को साबित करना है। कहा जा रहा है कि जल्द ही आर्यन यूपीसीए की अंडर-19 टीम के लिए खेलेंगे। कुल मिलाकर कहें तो आर्यन और माही के जिंदगी का संघर्ष लगभग एक जैसा है। इस बात में कोई शक नहीं कि आने वाले वक्त में उत्तराखंड से भारतीय टीम को एक विकेटकीपर कप्तान मिलेगा।