image: Baba Ram rahim rape case verdict

बाबा राम रहीम दोषी करार, बाबा बड़े बवाली हैं..हत्या, रेप, यौन शोषण और...

Aug 25 2017 3:55PM, Writer:सुरेश

बाबाओं की रवायत यूं तो हिंदुस्तान में काफी वक्त से चली आ रही है। लेकिन ये बाबा जरा खास हैं। एक बाबा की वजह से देश के दो राज्यों की सांसे थम गई। जगह जगह लोगों का जमावड़ा, 400 गाड़ियों के साथ बाबा के काफिले का कोर्ट तक पहुंचना, अकेले पंचकूला में लाखों अनुयायियों का जुटना और भी बहुत कुछ। ये कहानी भी किसी फिल्मी किरदार की तरह लगती है। एक बाबा जो कि लोगों के लिए भगवान का रूप बने हैं। कहा जाता है कि ना जाने कितने ही परिवारों को बाबा राम रहीम ने नशे की लत से मुक्ति दिलाई है। लेकिन आखिर ऐसा क्या हो गया कि सियासत समेत सड़कों पर भी भूचाल मच गया। शायद ऐसा नजारा देश ने पहली बार देखा होगा कि एक बाबा की वजह से दो राज्यों में कर्फ्यू लगा दिया गया। कभी जिस बाबा के आगे बड़े बड़े सियासतदान घुटने टेकते नजर आते थे, आज वो बवाली बाबा कोर्ट तक पहुंच गया।

बकायदा कोर्ट ने उस बाबा को दोषी करार दिया। रामं रहीम पर सजा का फैसला 28 अगस्त को होगा। इस दिन पता चलेगा कि बाबा को कितनी सजा मिलेगी। ये सब हुआ है यौन शोषण के केस की वजह से। 'डेरा सच्चा सौदा' के संस्थापक राम रहीम सिंह के कारनामों पर जब आप एक नजर डालेंगे तो हैरान हुए बिना नहीं रह पाएंगे। आरोप है कि बाबा ना केवल गैरकानूनी कामों डूबे रहे, बल्कि उन पर बलात्कार जैसे संगीन आरोप भी लगे हैं। राम रहीम पर उन्हीं के आश्रम की रहने वाली महिला अनुयायियों ने बलात्कार का आरोप लगाया है। आरोप ये भी है कि इस आश्रम में कई बार महिलाएं गुम हो जाती थी। लोग अपने परिवार की महिलाओं को ढूंढने आश्रम में आते थे, तो उन्हें वहां से भगा दिया जाता है। स्वर्ग जैसी आलीशान जिंदगी जीते थे राम रहीम, लेकिन कानून की गिरफ्त से बच नहीं पाए।

कोर्ट के फैसले की अब हर तरफ तारीफ की जा रही है। इसके साथ ही जगह जगह जेलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बकायदा सेना के जवानों को ड्यूटी पर लगाया गया है। अब आपको एक के बाद बाबा से जुड़े विवादों के बारे में बताते हैं। बाबा पर कुरुक्षेत्र के रणजीत सिंह की हत्या का आरोप है। बाबा पर पत्रकार छत्रपति पर हमला करवाकर हत्या करवाने का आरोप है। बाबा के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे सिखों पर गोली चलवाने का भी आरोप है। बाबा पर बच्चे की मौत को लेकर पत्रकारों से विवाद करने का भी आरोप है। खास बात ये भी है कि बाबा पर डेरा सच्चा सौदा के कई साधुओं को नपुंसक बनाने का भी आरोप है। अभी तो सिर्फ एक केस में बाबा राम रहीम दोषी करार दिए गए हैं। आगे भी कई केस की फाइल खुलनी है। यानी बाबा की कहानी के दुखद अंत का अभी सिर्फ ट्रेलर है। लग रहा है कि पूरी पिक्चर अभी बाकी है। कुल मिलाकर बाबा की डर्टी पिक्चर का द एंड होने वाला है।


  • MORE UTTARAKHAND NEWS

View More Latest Uttarakhand News
  • TRENDING IN UTTARAKHAND

View More Trending News
  • More News...

News Home