राम रहीम दोषी और डेरा समर्थकों की गुंडई, हिंसा में 28 की मौत, नाकाम सरकार !
Aug 25 2017 8:27PM, Writer:shantanu
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम का रेप के मामले में दोषी करार दिया जाना हरियाणा पर भारी पड़ा। डेरा समर्थकों ने पंचकुला सीबीआई विशेष अदालत के फैसले के बाद जमकर उत्पात मचाया। हरियाणा और पंजाब के साथ साथ कई राज्यों में राम रहीम पर फैसले का असर दिख रहा है। हिंसा से अब तक 25 लोगों के मारे जाने की खबर है। वहीं 200 से ज्यादा लोग घायल भी हो गए हैं। पंचकुला में उपद्रवियों ने पुलिस पर ही पथराव शुरू कर दिया। मीडिया की गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। इन सबके बीच पंचकुला में सेना तैनात कर दी गई। हरियाणा, पंजाब के अलावा राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी फैसले का असर दिख रहा है। डेरा समर्थकों के उत्पात के कारण सरकारी संपत्ति को जमकर नुकसान पहुंचा है। सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई के लिए पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने आदेश जारी किया है।
पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने कहा है कि हिंसा में हुई नुकसान की भरपाई डेरा की संपत्तियों को जब्त कर किया जाए। हाई कोर्ट ने कहा कि पंचकूला में वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों को अद्धसैनिक बलों की सुरक्षा मुहैया कराई जाए। इसके बाद अब डेरा की संपत्तियों को जब्त किया जाएगा। उस से नुकसान की भरपाई की जाएगी। डेरा समर्थकों का उत्पात हरियाणा और पंजाब के अलावा दिल्ली राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। यूपी के नोएडा और गाजियाबाद में धारा 144 लगा दी गई है। आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर रीवा एक्सप्रेस के दो डिब्बों को डेरा समर्थकों ने आग के हवाले कर दिया वहीं दिल्ली में डीटीसी की बसों को आग लगा दी। उत्तर प्रदेश के शामली, मुजफ्फरनगर और बागपत में धारा 144 लगा दी गई है।
पंचकुला में डेरा सच्चा सौदा के 1000 समर्थकों को हिरासत में लिया गया है। हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने लोगों से अपील की है वो हिंसा न फैलाएं। वहीं राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी ट्वीट करके कहा है कि हिंसा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं है। राष्ट्रपति ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। डेरा प्रमुख पर आए फैसले के बाद डेरा सच्चा सौदा की तरफ से भी बयान आया है। डेरा प्रवक्ता ने कहा है कि राम रहीम के साथ अन्याय हुआ है। डेरा हमेशा लोगों की भलाई के लिए काम करती है। बाबा पर आए फैसले के खिलाफ हम ऊपरी अदालत में अपील करेंगे। डेरा ने सभी समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। कुल मिलाकर इस मामले ने एक बार फिर से प्रशासन की नाकामी को उजागर कर दिया है। इसको लेकर केंद्र सरकार नाराज बताई जा रही है।