राम रहीम की मां ने किया नए वारिस का एलान, इसे मिलेगी अरबों की विरासत !
Aug 29 2017 8:20PM, Writer:Shantanu
गुरमीत राम रहीम को 20 साल की सजा के एलान के बाद से ही डेरा सच्चा सौदा का वारिस कौन होगा इसको लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया है। राम रहीम के अरबों के साम्राज्य के दावेदारों के नाम सामने आने शुरू हो गए हैं। ये भी कहा जा रहा है कि अब डेरा का सूरज अस्त हो गया है। राम रहीम के समय में डेरा का जितना विस्तार हुआ था अब वो सारा खत्म हो जाएगा। कई दावेदार हैं जो राम रहीम की अरबों की विरासत को संभालने का दम रखते हैं। इनमें बाबा की गोद ली हुई बेटी से लेकर डेरे की कुछ साध्वियों के नाम तक शामिल हैं। जो अपने आपको बाबा का उत्तराधिकारी समझ रहे हैं। लेकिन डेरा प्रमुख की मां नसीब कौर ने डेरा सच्चा सौदा के वारिस के नाम का एलान कर दिया है। गुरमीत राम रहीम का बेटा जसमीत सिंह डेरा सच्चा सौदा का वारिस होगा।
इस बात का एलान राम रहीम की मां नसीब कौर ने किया है। राम रहीम को सजा का ऐलान होने के साथ ही उसकी 82 साल की मां नसीब कौर ने डेरा की बैठक बुलाई थी। इसी बैठक में जसमीत को वारिस बनाने का फैसला लिया गया। नसीब कौर ने फैसले के बाद डेरा सच्चा सौदा की मुख्य कोर कमेटी की बैठक भी बुलाई। बता दें कि इस कमेटी में 45 सदस्य हैं, इन सबने मिलकर ये फैसला लिया। नसीब कौर ने जल्दी से जल्दी इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए कहा है। गुरमीत राम रहीम की मां ने इस कमेटी को ये कहते हुए फटकार भी लगाई कि उन लोगों ने रेप केस को सभी से नहीं संभाला। राम रहीम की मां नसीब कौर ने सभी लोगों से डेरा प्रमुख के रूप में जसमीत को स्वीकार करने की अपील भी की है।
राम रहीम की मां नसीब कौर को शायद अंदाजा है कि डेरा समर्थक जसमीत को गुरू के रूप में स्वीकार न कर पाएं। इसलिए उन्होंने अपील करते हुए कहा है कि भले ही आप जसमीत को अपने गुरू के रूप में ना स्वीकारें लेकिन डेरा प्रमुख के तौर पर स्वीकार करें। डेरा प्रमुख बनने के बाद जसमीत की राह आसान नहीं होने वाली है। डेरा का पूरा कारोबार देश के कई राज्यों में फैला हुआ है। इसके अलावा बताया जा रहा है कि कानूनी तौर पर डेरा के साम्राज्य को लेकर कवायद भी शुरू हो गई है। ये भी कयास लगाए जा रहे हैं कि डेरा की संपत्ति को लेकर विवाद शुरू हो सकता है। अलग अलग दावेदार सामने आ सकते हैं। ये भी हो सकता है कि विरासत की ये जंग कानून की चौखट तक पहुंच जाए। फिलहाल के लिए तो जसमीत को राम रहीम की मां ने वारिस चुन लिया है। देखना है कि बाकी के दावेदार इस पर क्या राय रखते हैं।