image: Four arrested for shooting innocent Aapda Mitr

उत्तराखंड: गलतफहमी में मार दी आपदा मित्र को गोली, पिता से हुई मारपीट का लेना था बदला

पिता से हुई मारपीट का बदला लेना चाहता था मुख्य आरोपी, मारना किसी और को चाहता था पर आपदा मित्र शिवम को मार दी गोली.. पुलिस ने असलहे समेत चार आरोपी दबोचे..
Aug 21 2025 8:05PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

आपदा मित्र पर फायरिंग प्रकरण का खुलासा करते पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस व घटना को अंजाम देने के लिए रेकी में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है।

Four arrested for shooting innocent Aapda Mitr

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मुख्य आरोपी के पिता पर हमले का बदला लेने के प्लान बनाया गया था। रात के अंधेरे में गलतफहमी में आपदा मित्र पर फायरिंग कर दी थी। 2 अगस्त की रात नाइट डयूटी पर जा रहे आपदा मित्र शिवम पुत्र पुष्पेंद्र निवासी सज्जनपुर थाना श्यामपुर हाल निवासी शनि चौक विकास कॉलोनी जगजीतपुर थाना कनखल को गांव से बाहर सुनसान रास्ते पर रोककर 3-4 नकाबपोश व्यक्तियों ने मारपीट कर उसके पेट पर गोली मार दी थी। इसके बाद उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए थे। गंभीर रूप से घायल शिवम की पत्नी लक्ष्मी ने थाना पथरी पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था।

देशी पिस्टल व तमंचे समेत दो हुए थे गिरफ्तार

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी लक्सर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम की जांच में शिवम की किसी से रंजिश ना होने और घटना के दौरान उसके साथ कोई लूटपाट न होने की बात सामने आने पर पुलिस दुविधा में पड़ गई। घटना का उद्देश्य स्पष्ट नहीं होने टीम ने मैनुअल पुलिसिंग करते हुए बुधवार की देर रात बिशनपुर के दो लोगों नितीश पुत्र तेलूराम एंव विक्की पुत्र पिंटूराम को देशी पिस्टल व तमंचे समेत गिरफ्तार कर लिया।

पिता से हुई थी घर में घुसकर मारपीट

पूछताछ में नितीश ने बताया कि उनकी गांव के ही पुरुषोत्तम से जमीन को लेकर रंजिश चल रही है। पुरुषोत्तम ने जून में अपने साथियों के साथ उनके घर में घुसकर उसके पिता तेलूराम व मां के साथ लाठी डंडों से मारपीट की थी। नितीश ने बताया कि उसकी मां अकसर बीमार रहती है। पुरुषोत्तम उसके पिता पर लगातार जमीन छोडने का दबाव बनाता रहता है, जिसके चलते माता पिता दोनों परेशान रहते हैं। माता पिता पर हुए हमले का बदला लेने के लिए उसने अपने चचेरे भाई विक्की पुत्र पिंटूराम, विशाल पुत्र सत्यपाल तथा बुआ के लडके शुभम पुत्र शीशपाल के साथ मिलकर पुरुषोत्तम को जान से मारने की योजना बनाई। 2 अगस्त की रात उसे जानकारी मिली कि पुरुषोत्तम मोटर साइकिल से कटारपुर चौक से गावं की तरफ आने वाला है। इस पर सब मिलकर कटारपुर से बिशनपुर कुंडी के पास सुनसान सडक पर उसका इंतजार करने लगे।

एक जैसी कदकाठी दिखने पर कर दिया फायर

रात साढ़े दस बजे के लगभग जब आपदा मित्र शिवम कटारपुर की तरफ से ग्राम बिशनपुर कुंडी की तरफ आया तो रेकी करने वाले विशाल को उसकी कद काठी पुरुषोत्तम की तरह लगने के कारण उसने पुरुषोत्तम के आने की जानकारी नितीश व उसके साथियों को दी। शिवम के नजदीक आने पर उन्होंने उस पर फायर कर दिया। इसके बाद आपदा मित्र का चेहरा नजदीक से देखने के बाद मौके से फरार हो गए। पूछताछ के बाद पुलिस ने घटना में संलिप्त अन्य विशाल पुत्र सत्यपाल एवं शिवम पुत्र शीशपाल को भी कटारपुर चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया तथा रेकी में इस्तेमाल की गयी विशाल की बाइक को भी कब्जे में ले लिया। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल, एसएसआई यशवीर सिंह, फेरूपुर चौकी प्रभारी एसआई अशोक सिरसवाल, कांस्टेबल मुकेश चौहान, जयपाल सिंह चौहान, अनिल सिंह, दौलतराम, सीआईयू कांस्टेबल वसीम खान शामिल रहे।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home