image: Uttarakhand Weather Update 30 August 2025

उत्तराखंड: आज भी भारी बारिश के आसार, IMD ने इन 3 जिलों में जारी किया ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में मानसूनी बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है, अगस्त माह भी पूरा होने वाला है लेकिन मूसलाधार बारिश अब भी जारी है। मौसम विभाग ने आज भी तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जरी किया है।
Aug 30 2025 9:24AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण लोग भयभीत हैं। बीते गुरूवार रात को हुई अतिवृष्टि और भूस्खलन के कारण पांच पर्वतीय जिलों में भारी तबाही मची। वहीं IMD ने आज फिर से तीन जिलों भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

Uttarakhand Weather Update 30 August 2025

उत्तराखंड में मानसूनी बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है, अगस्त माह भी पूरा होने वाला है लेकिन मूसलाधार बारिश अब भी जारी है। बीते गुरूवार रात हुई भारी बारिश ने पूरे प्रदेश को प्रभावित किया। जहां पर्वतीय क्षेत्रों में बादल फटने और भूस्खलन से लोग परेशान रहे, वहीं मैदानी क्षेत्रों जलभराव से लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ी। हालांकि आज शनिवार को सुबह से कुछ जिलों में मौसम साफ़ है और धूप खिली है, लेकिन मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश अलर्ट जारी किया है. ऐसे में मौसम कभी भी करवट ले सकता है।

राजधानी में बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड

आपको बता दें कि राजधानी देहरादून में लगातार हो रही बारिश ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। बीते 24 घंटे में शहर में 175 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो पिछले 74 साल में सबसे ज्यादा है। इस मानसून सीजन में यह तीसरी बार है जब 24 घंटे में इतनी अधिक बारिश हुई है। जिले के हरिपुर क्षेत्र में सबसे ज्यादा 177 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, कालसी में केवल एक घंटे में 72 मिलीमीटर, कोटी में 39.5 मिलीमीटर और जखोली में 45.5 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। देहरादून में अब तक का सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड वर्ष 1951 में दर्ज हुआ था। तब 24 घंटे के भीतर 332.2 मिलीमीटर बारिश हुई थी।

मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार आज यानी शनिवार 30 अगस्त को उत्तराखंड के सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है. आज देहरादून, उत्तरकाशी और बागेश्वर जिलों में ज्यादातर स्थानों भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने इन 3 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. रुद्रप्रयाग, टिहरी, चमोली, पिथौरागढ़ और पौड़ी जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। IMD ने आज उत्तराखंड के सभी जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई है. आईएमडी के अनुसार आने वाले कुछ दिन उत्तराखंड में चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, जिसके लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। अतिवृष्टि से नुकसान कम से कम हो, इसके लिए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जरूरी तैयारियों पूर्व से ही करने के निर्देश दिए हैं।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home