उत्तराखंड: किराए के मकान में चल रहा था देह व्यापार का अवैध धंधा, 2 महिलाओं सहित 5 गिरफ्तार
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम और कोतवाली पुलिस की टीम ने संयुक्नेत रूप से मकान में छापेमारी कर 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं।
Sep 3 2025 1:30PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और विकासनगर कोतवाली पुलिस टीम ने किराए के मकान पर चल रहे देह व्यापार के अवैध धंधे का भांडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से दो महिलाओं सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड राजकुमार नाम का शख्स अभी फरार बताया जा रहा है।
5 arrested for prostitution in rented house
जानकारी के अनुसार देहरादून एसएसपी अजय सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि विकासनगर के हरबर्टपुर क्षेत्र के सोनिया बस्ती में किराए के मकान में देह व्यापार का अवैध धंधा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसएसपी ने एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और विकासनगर कोतवाली पुलिस को इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देशानुसार दोनों टीमों ने मिलकर बीते सोमवार की रात मकान पर छापा मारा, इस दौरान मौके पर आपत्तिजनक गतिविधियां चलते हुए पाईं।
आपत्तिजनक हालत में मिले महिला-पुरुष
पुलिस को छापेमारी के दौरान मकान के अलग-अलग कमरों में दो महिलाओं और दो पुरुषों को आपत्तिजनक हालत में मिले। जिसके बाद पुलिस ने मौके से दो महिलाओं सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मकान का केयरटेकर भी शामिल है। इसके साथ ही पुलिस ने मौके से नकदी और आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम, 1956 और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मुख्य आरोपी फरार
पुलिस पूछताछ में मकान के केयर टेकर ने बताया कि यह मकान राजकुमार नाम के व्यक्ति ने किराए पर लिया था। राजकुमार बाहरी राज्यों से महिलाओं को बुलाता था और उनसे अनैतिक देह व्यापार करवाता था। आरोपी राजकुमार ग्राहकों से फोन पर संपर्क कर वह डील करता और तय रकम लेकर उन्हें कमरों में भेजता था। मुख्य आरोपी राजकुमार इस समय पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस के अनुसार, वह पहले भी अनैतिक देह व्यापार के आरोप में जेल जा चुका है। पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं ताकि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके।