image: Pickup vehicle falls into deep ditch near Tota Ghati

उत्तराखंड: तोता घाटी के पास गहरी खाई में गिरा वाहन, 24 घंटे बाद चला पता.. 3 युवकों की दर्दनाक मौत

तोता घाटी के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, इस घटना की जानकारी 24 घंटे के बाद मिली। इस हादसे में वाहन चालक सहित में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।
Oct 28 2025 10:09AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड के टिहरी जिले के देवप्रयाग क्षेत्र में तोता घाटी के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में वाहन में सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।

Pickup vehicle falls into deep ditch near Tota Ghati

देवप्रयाग थाना प्रभारी एलएस बुटोला ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक युवक देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र के रहने वाले थे। बीते सोमवार यानि 27 अक्टूबर को सुबह डोईवाला निवासी बबली कौर नाम की महिला बछेलीखाल पुलिस चौकी में पहुंचीं, जहां उन्होंने ने अपने बेटे मोहन सिंह की लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 25 अक्टूबर की रात उनका बेटा मोहन सिंह, पिकअप चालक प्रवीण राठौर और तारा चंद्र साथ में एशियन पेंट्स के गोदाम कुआंवाला, देहरादून से पेंट और पुट्टी का सामान लेकर चमोली जिले के गोपेश्वर के लिए रवाना हुए थे।

26 अक्टूबर को पहुंचना था गोपेश्वर

उन तीनों को अगली सुबह यानि 26 अक्टूबर को गोपेश्वर पहुंचना था, लेकिन वो लोग वहां नहीं पहुंचे। जब उन्होंने अपने बेटे मोहन सिंह को कॉल किया तो उसका फोन भी लगातार बंद आ रहा था। बबली कौर द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने जब मोहन सिंह की लास्ट लोकेशन ट्रेस की तो वो लोकेशन लालतप्पड़ चौकी के पास साकनीधार क्षेत्र में मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम उनको ढूंढने लगी। उनकी तलाश करते हुए पुलिस टीम तोता घाटी के पास पहुंची, जहां बीच रास्ते में टूटी हुई पैराफिट दिखाई दी।

गहरी खाई में मिले शव

पुलिस टीम ने तोता घाटी के पास से नीचे गहरी खाई में नजर डाली तो वहां पेंट की बाल्टियां और पुट्टी के कट्टे बिखरे हुए थे। साथ ही उन्हें वहां वाहन के क्षतविक्षत अवशेष भी दिखाई दिए। जिसके बाद पुलिस ने तत्काल SDRF को मौके पर बुलाया। एसडीआरएफ के मौके पर पहुंचते ही दोनों टीमों ने ने संयुक्त रूप से मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने खाई में उतरकर तीनों युवकों के शवों बरामद किया। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि वाहन मोड़ पर अनियंत्रित होकर पैराफिट तोड़ते हुए खाई में गिर गया। हादसे के समय रात का अंधेरा और सड़क की ढलान भी दुर्घटना का कारण हो सकते हैं। तीनों युवकों के शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

मृतकों की पहचान

25 वर्षीय मोहन सिंह पुत्र तारा सिंह, ग्राम फतेहपुर टांडा, थाना डोईवाला, देहरादून,
25 वर्षीय वाहन चालक प्रवीण राठौर पुत्र दिनेश कुमार निवासी डोईवाला, देहरादून,
24 वर्षीय तारा चंद्र पुत्र सुरेश चंद, निवासी फतेहपुर टांडा माजरी ग्रांट, थाना डोईवाला,


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home