image: Married woman dead body found in plastic bag

उत्तराखंड: 8 महीने पहले हुआ था UP के युवक से प्रेम विवाह, प्लास्टिक के कट्टे में मिला विवाहिता का शव

सुनीता ने अपनी पसंद से आनंद से बरेली के एक मंदिर में शादी की थी। लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद उसका पति उससे मारपीट करता था। सुनीता कुछ दिन पहले मायके भी गई थी, लेकिन मायके वालों के समझाने बुझाने के बाद फिर ससुराल चली गई थी।
Nov 4 2025 12:02PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उधम सिंह नगर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 25 वर्षीय नवविवाहिता का शव एक प्लास्टिक के कट्टे के अंदर से बरामद हुआ है। शव मिलने की सूचना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

Married woman dead body found in plastic bag

जानकारी के अनुसार ग्रामीणों को खेतलसंडा खाम इलाके में रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों से तेज दुर्गंध आने पर शक हुआ। जब उन्होंने पास जाकर देखा, तो एक प्लास्टिक के कट्टे के भीतर से महिला का शव बरामद हुआ। जिसके बाद ग्रामीणों इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी, सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और कट्टे को खोलकर शव बाहर निकाला। शव के दाहिने हाथ की उंगलियों पर "Anand" और बाएं हाथ की कोहनी पर "Anand Loves" का टैटू बना हुआ था, जिससे पहचान संभव हो पाई। मौके से पुलिस को दो मोबाइल फोन भी मिले जो एयरप्लेन मोड में थे। एसओजी टीम ने फोन को सामान्य मोड में डालने पर कुछ कॉल और मैसेज प्राप्त हुए, जिनके आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया।

आठ महीने पहले हुआ था प्रेम विवाह

पुलिस टीम द्वारा की गई छानबीन में मृतका की पहचान सुनीता उपाध्याय, पुत्री प्रेम उपाध्याय, निवासी पकड़िया (खटीमा) के रूप में हुई है। करीब आठ महीने पहले उसका प्रेम विवाह आनंद तोमर नामक युवक से हुआ था, जो उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के शाहजहांपुर रोड का निवासी है। चिकित्सकों के अनुसार, सुनीता के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को मायके पक्ष के लोगों को सौंप दिया गया। मृतका के मायके वालों ने बिना ससुराल पक्ष को सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया।

पति करता था मारपीट

मृतका की मां, रेखा उपाध्याय, ने बताया कि सुनीता ने अपनी पसंद से आनंद से बरेली के एक मंदिर में शादी की थी। लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। सुनीता ने कई बार अपनी मां को बताया था कि उसका पति उससे मारपीट करता है। सुनीता कुछ दिन पहले मायके भी आई थी, पर मायके वालों के समझाने बुझाने के बाद फिर ससुराल चली गई थी। लेकिन भैयादूज के बाद से वह लापता थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला, अब उसका शव मिलने के बाद परिवार के सभी सदस्य सदमे में हैं।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए छह जांच टीमें गठित की हैं। टीमों द्वारा आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि अभी तक परिजनों ने औपचारिक तहरीर नहीं दी है, लेकिन इसके बावजूद मामला की जांच हत्या की दिशा में की जा रही है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home