image: Transport Corporation asked for 1000 buses for Ardh Kumbh

उत्तराखंड: परिवहन निगम ने अर्धकुंभ के लिए मांगी 1 हजार बसें, 100 नई BS-6 सरकारी बेड़े में शामिल

हर साल रोडवेज की कई पुरानी और कंडम हो चुकी बसों को सेवा से बाहर किया जाता है, जिससे कुल संख्या में कमी हो जाती है। जिसे पूरा करने के लिए निगम 200 अतिरिक्त बसें खरीदने का प्रस्ताव तैयार कर रहा है..
Nov 25 2025 11:16AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड परिवहन निगम अपनी वित्तीय स्थिति सुधारने और यात्रियों को बेहतर, सुगम परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार बसों की संख्या बढ़ाने पर जोर दे रहा है। इसी क्रम में निगम को 30 नवंबर तक बीएस-6 मानक की 100 नई बसें मिलने वाली हैं, इन बसों की खरीद की प्रक्रिया पिछले वर्ष से ही चल रही थी। हालांकि 100 नई बसें मिलने के बावजूद निगम के बेड़े में बसों की संख्या पर्याप्त नहीं मानी जा रही है।

Transport Corporation asked for 1000 buses for Ardh Kumbh

आपको बता दें कि हर साल रोडवेज की कई पुरानी और कंडम हो चुकी बसों को सेवा से बाहर किया जाता है, जिससे कुल संख्या में कमी हो जाती है। इसी कमी को पूरा करने के लिए परिवहन निगम 200 अतिरिक्त बसें खरीदने का प्रस्ताव तैयार कर रहा है, जिसे जल्द ही शासन को भेजा जाएगा। 2027 में हरिद्वार में होने वाले अर्धकुंभ मेले को देखते हुए परिवहन निगम ने बड़ा प्रस्ताव शासन के समक्ष रखा है। निगम ने 10 इलेक्ट्रिक बसों और 1000 नई बीएस-6 साधारण बसों की खरीद के लिए कुल 665 करोड़ रुपये की मांग की है। इसमें 350 करोड़ रुपये अर्धकुंभ निधि से मांगे गए हैं, जबकि शेष राशि स्व-वित्तीय स्रोतों और बैंक लोन से जुटाने की योजना है।

कुंभ निधि से मिल सकती हैं 700 नई बसें

हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 के लिए परिवहन सेवाओं को मजबूत करना आवश्यक माना जा रहा है। इसी कारण शासन स्तर पर बसों की मांग पर विचार हो रहा है। अनुमान है कि कुंभ निधि से लगभग 700 नई बसें परिवहन निगम को मिल सकती हैं। फिलहाल उत्तराखंड परिवहन निगम के पास करीब 850 बसें संचालित हो रही हैं। लेकिन निगम कई चुनौतियों का सामना कर रहा है, जिनमें मुख्य रूप से पुरानी बसों का लगातार कंडम होना। हालांकि बीते वर्षों में भी निगम ने नई बसों की खरीद की थी। वर्ष 2016 और 2019 में खरीदी गई बसें वर्ष 2027 तक अपनी सेवा अवधि पूरी कर लेंगी, इसलिए निकट भविष्य में बसों की आवश्यकता और बढ़ जाएगी।

200 और बसों की खरीद का प्रस्ताव

परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी ने बताया कि परिवहन निगम को नवंबर 2024 में 130 नई बसें मिली थीं। इस वर्ष भी 30 नवंबर तक 100 बसें मिलने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अनुबंध के आधार पर कुछ एसी बसें भी इस महीने के अंत तक मिल जाएंगी। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे नई बसें शामिल हो रही हैं, पुरानी बसों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जा रहा है। इसके अलावा, 100 बसों की प्राप्ति के साथ ही 200 और बसों की खरीद का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। हरिद्वार में 2027 में होने वाले अर्धकुंभ के मद्देनज़र निगम ने कुंभ निधि से 700 नई बसों की विशेष मांग की है। इस प्रस्ताव पर उच्च स्तर पर विचार किया जा रहा है और उम्मीद है कि अर्धकुंभ के लिए 700 बसें उपलब्ध करा दी जाएंगी।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home