5 साल की बच्ची ने रचा इतिहास, तीरंदाजी के हुनर ने बनाया ‘अर्जुन’!
Sep 12 2017 6:57PM, Writer:कपिल
सिर्फ 5 साल की बच्ची और बड़े बड़े कारनामे। कारनामे ऐसे कि हर कोई दांतों तले सिर्फ उंगली दबाता रह जाएगा। असीम प्रतिभा और अद्भुत तीरंदाज है शिवानी। विजयवाड़ा की इस छोटी सी बच्ची ने अपने हुनर से कई रिकॉर्ड्स तैयार कर दिए हैं। अपने तीरंदाजी के हुनर की वजह से इस बेटी ने एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह बना दी है। दस मीटर की दूरी से सिर्फ 11 मिनट 19 सेकंड में इस छोटी से तीरंदाज ने लक्ष्य पर 103 तीरों से निशाना साधा है। कम्पाउंडिंग धनुष और भारतीय तीरों के साथ शिवानी ने ये काम किया है। ये छोटी सी अर्जुन सिर्फ यहीं नहीं रुकी, इसके बाद तो इस बेटी ने और भी बड़ा कारनामा कर डाला। पहले शिवानी ने 10 मीटर से निशाना साधा था लेकिन अब दूरी और बढ़ा ली। अब शिवानी ने 20 मीटर की दूरी से निशाना साधा।
20 मीटर की दूरी से इस बेटी ने 5 मिनट 8 सेकंड में 36 तीर निशाने पर दागे। हैरानी की बात तो ये है कि शिवानी ने इस कोशिश में 260 में से 290 प्वॉइंट्स अपने नाम किए। एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने शिवानी के पिता को सर्टिफिकेट दिया है। आप समझ सकते हैं कि ये छोटी सी बेटी आगे चलकर ओलंपिक में क्या कारनामा कर सकती है। शिवानी के पिता का नाम चेरुकुरी सत्यनारायण है। उन्होंने बचपन से ही अपनी बेटी की प्रतिभा को समझा और उसे उसी में ध्यान लगाने के लिए कहा। धीरे धीरे बेटी का हुनर निखरता गया और आज वो रिकॉर्ड्स तैयार कर रही है। बेटे या फिर बेटी को ऐसे रिकॉर्ड्स बनाने में सबसे पहला योगदान माता-पिता का ही होता है। भारतीय तीरंदाजी असोसिएशन ने इस छोटी की बेटी की जमकर तारीफ की है। तीरंदाजी असोसिएशन के अधिकारी बी. श्रवण कुमार का कहना है कि 'शिवानी का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है।
उनका कहना है कि इस उम्र में कोई भी तीरंदाज ऐसा काम नहीं कर सकता, जैसा शिवानी ने किया है। जाहिर सी बात है कि 20 मीटर की दूरी से तीरंदाजी में 250 प्वॉइंट्स स्कोर करना एक मुश्किल टास्क होता है। शिवानी वोल्गा आर्चरी एकेडमी में ट्रेनिंग लेती हैं। बी.श्रवण कुमार का कहना है कि इसके लिए वो शिवानी के माता-पिता और एकेडमी का धन्यवाद करना चाहते हैंस जिन्होंने शिवानी के हुनर को और ज्यादा तराशा है। शिवानी के पिता सत्यनारायण का कहना है कि वो अपनी बेटी को 2024 ओलिंपिक के लिए तैयार करना चाहते हैं। देश आज इस 5 साल की नन्हीं सी अर्जुन को सलाम कर रहा है। अद्भुत प्रतिभा की धनी शिवानी की आज हर कोई तारीफ कर रहा है। 5 साल की ये बेटी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जाहिर है कि देश में ऐसी प्रतिभाएं भरी पड़ी हैं, जिनमें हुनर कूट-कूटकर भरा है।