image: Uttarakhand Weather Update 2 January 2026

उत्तराखंड: नए साल पर बदरीनाथ–हेमकुंड और नीती घाटी में हुई बर्फबारी, जानिए आज का मौसम समाचार

आज शुक्रवार 2 जनवरी को उत्तराखंड के 4 जिलों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं मैदानी इलाकों में मौसम विभाग ने घना कोहरा छाने को लेकर अलर्ट जारी किया है..
Jan 2 2026 7:41AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड में पहाड़ों से लेकर मैदानों तक काफी समय से सूखी ठंड पड़ रही है, हालाकिं नए साल के पहले दिन चमोली जिलों के कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने के बाद लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार आज 2 जनवरी को भी प्रदेश के 4 जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

Uttarakhand Weather Update 2 January 2026

उत्तराखंड में लंबे इंतजार के बाद नए साल के पहले ही दिन उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली। बीते 1 जनवरी को दोपहर बाद चमोली जिले की नीती-मलारी घाटी, साथ ही बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब में हल्की बर्फबारी शुरू हो गई। बर्फ के पहले फाहे गिरते ही पर्वतीय इलाकों में ठंड और बढ़ गई, जबकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों के चेहरों पर उत्साह साफ नजर आया। खासतौर पर बर्फबारी के इंतजार में औली और नीती-मलारी घाटी में बड़ी संख्या में पर्यटक डेरा डाले हुए हैं। बीते गुरुवार को देहरादून समेत राज्य के मैदानी क्षेत्रों में सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। शाम के समय आसमान में हल्के बादल छाने से ठंड का असर और बढ़ गया। उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण देहरादून आने वाली आठ हवाई सेवाएं देरी से पहुंचीं, वहीं कई ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित रहा।

मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार आज शुक्रवार 2 जनवरी को उत्तराखंड के 4 जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। विभाग के अनुसार आज उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 2,800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा व बर्फबारी की संभावना है। इनके अलावा प्रदेश के बाकी पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने की भी संभावना जताई गई है। वहीं प्रदेश के मैदानी इलाकों में मध्यम से घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं अत्यधिक घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। ऐसी स्थिति में मौसम विभाग ने यात्रियों, पर्यटकों और वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। नए साल की शुरुआत के साथ बदला यह मौसम न केवल पहाड़ों की खूबसूरती बढ़ा रहा है, बल्कि पर्यटन गतिविधियों को भी नई रफ्तार देने वाला साबित हो सकता है।


  • MORE UTTARAKHAND NEWS

View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home