पिथौरागढ़ के बेरीनाग की स्वर्णिका राठौर ने NCC घुड़सवारी प्रतियोगिता में एक स्वर्ण समेत तीन पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया।
Jan 30 2026 8:18PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
उत्तराखंड की बेटियां एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर परचम लहरा रही हैं। पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग की स्वर्णिका राठौर ने नई दिल्ली में आयोजित एनसीसी राष्ट्रीय वार्षिक गणतंत्र दिवस शिविर 2026 की घुड़सवारी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण सहित कुल तीन पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। यह लगातार दूसरा वर्ष है जब स्वर्णिका ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाया है।
सीनियर अंडर ऑफिसर स्वर्णिका राठौर ने नई दिल्ली में आयोजित ‘वार्षिक NCC प्रधानमंत्री रैली 2026’ में देशभर से आए 2361 NCC कैडेट्स का नेतृत्व किया। इनमें 917 छात्राएं शामिल थीं। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में नरेंद्र मोदी और राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे।
माउंटेड ट्रूप कमांडर के रूप में दिखाया नेतृत्व
1
/
वर्तमान में स्वर्णिका वनस्थली विद्यापीठ, जयपुर की NCC यूनिट में सीनियर अंडर ऑफिसर हैं। उन्होंने एक बार फिर NCC माउंटेड ट्रूप (घुड़सवारी दस्ता) की कमांडर के रूप में तलवार संभालकर रैली का नेतृत्व किया, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।
घुड़सवारी प्रतियोगिता में तीन पदक
2
/
स्वर्णिका राठौर ने घुड़सवारी की विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने शो जंपिंग में स्वर्ण पदक, ड्रेसेज में रजत पदक और शो जंपिंग टॉप स्कोर में कांस्य पदक जीता है। लगातार दूसरी बार माउंटेड ट्रूप की कमांडर बनना उनकी नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और साहस को दर्शाता है।
शिक्षा और पारिवारिक पृष्ठभूमि
3
/
स्वर्णिका की प्रारंभिक शिक्षा (कक्षा 8 तक) हिमालया इंटर कॉलेज, चौकोड़ी से हुई। वे बेरीनाग के प्रमुख व्यवसायी मनोज राठौर की पुत्री हैं। उनकी माता हेमलता राठौर अध्यापिका हैं। उनके ताऊ सुधीर राठौर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जबकि दादा दान सिंह राठौर उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रमुख आंदोलनकारी रहे हैं।
खतरनाक फायर जंपिंग में भी महारत
4
/
स्वर्णिका NCC और हॉर्स राइडिंग के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उन्हें इस क्षेत्र में प्रशिक्षण NCC अधिकारी नागेंद्र सिंह चौहान द्वारा दिया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में स्वर्णिका ने फायर जंपिंग जैसी जोखिमपूर्ण घुड़सवारी कला में भी दक्षता हासिल की है।
बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
5
/
स्वर्णिका राठौर की यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने यह साबित किया है कि समर्पण, अनुशासन और कठिन परिश्रम से किसी भी मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है। स्वर्णिका की इस उपलब्धि पर विधायक फकीर राम टम्टा, पालिकाध्यक्ष हेमा पंत, ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल, व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत, राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता प्रदीप महरा, हिमालया इंटर कॉलेज चौकोड़ी की प्रधानाचार्य देवबाला बिष्ट सहित कई गणमान्य लोगों ने खुशी जताई और बधाई दी।