image: Khurbura Police Outpost In-Charge Suspended for Negligence

Dehradun: मच्छी बाजार में युवती की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, SSP ने चौकी प्रभारी को किया निलंबित

देहरादून के मच्छी बाजार में दिनदहाड़े युवती की हत्या के मामले में चौकी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर SSP अजय सिंह ने खुड़बुड़ा चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है..
Feb 3 2026 1:44PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

राजधानी देहरादून के मच्छी बाजार क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े हुई युवती की निर्मम हत्या ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में प्रथम दृष्टया चौकी स्तर पर लापरवाही सामने आने के बाद अजय सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने उपनिरीक्षक प्रद्युमन नेगी, चौकी प्रभारी खुड़बुड़ा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

Khurbura Police Outpost In-Charge Suspended for Negligence

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका ने 31 जनवरी को आरोपी के खिलाफ खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी और जान का खतरा बताया था। इसके बावजूद शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। परिजनों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसका नतीजा यह हुआ कि आरोपी ने सोमवार को बीच बाजार घटना को अंजाम दे दिया।

CO सिटी की रिपोर्ट में उजागर हुई लापरवाही

एसएसपी अजय सिंह ने मामले की प्राथमिक जांच CO सिटी को सौंपी थी। CO सिटी द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट में चौकी प्रभारी की प्रथम दृष्टया लापरवाही की पुष्टि हुई, जिसके आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि देहरादून कोतवाली नगर क्षेत्र में हुई इस हत्या को बेहद गंभीरता से लिया गया है और जिम्मेदारी तय की जा रही है।

तीन साल से जान-पहचान, पीछा और धमकी का आरोप

परिजनों के अनुसार मृतका गुंजन और आरोपी आकाश एक-दूसरे को करीब तीन वर्षों से जानते थे। गुंजन दूल्हा बाजार में कपड़ों की एक दुकान में काम करती थी, जबकि आरोपी उसी बाजार की एक अन्य दुकान में कार्यरत था। आरोपी शादीशुदा था और कथित तौर पर गुंजन को लगातार परेशान करता था, काम पर जाते समय उसका पीछा भी करता था। उनका कहना है कि आरोपी ने कथित तौर पर एक अन्य व्यक्ति से कहा था कि वह गुंजन को जान से मार देगा—इसके बाद फिर से चौकी में शिकायत दी गई, लेकिन इन तीन दिनों में पुलिस आरोपी से फोन पर भी संपर्क नहीं कर सकी।

आपराधिक पृष्ठभूमि भी आई सामने

पुलिस के अनुसार आरोपी आकाश चोरी के एक मामले में पहले भी जेल जा चुका है और करीब डेढ़ महीने तक जेल में रहा। कुछ समय पहले उसे एक दुकान से हटा दिया गया था, बाद में वह उसी बाजार की दूसरी दुकान में काम करने लगा। इस घटना के बाद पुलिस ने बीच बाजार युवती की हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी (उम्र 27 वर्ष) ने पूछताछ में बताया कि युवती के कारण उसके घर में गृह क्लेश चल रहा था, जिसके चलते दोनों की बातचीत बंद हो गई थी। वहीं, युवती द्वारा चौकी में शिकायत दर्ज कराने के बाद वह आवेश में था और इसी गुस्से में उसने दिनदहाड़े हत्या कर दी।

पुलिस प्रशासन का कड़ा संदेश

एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि पीड़ितों की शिकायतों पर तत्काल और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यह मामला न केवल एक जघन्य अपराध है, बल्कि शिकायतों की अनदेखी के खतरनाक परिणामों की चेतावनी भी है। प्रशासन की सख्ती के साथ अब निगाहें इस बात पर हैं कि पीड़ित परिवार को न्याय और शहर को सुरक्षा का भरोसा कितनी जल्दी मिलता है।


  • MORE UTTARAKHAND NEWS

View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home