image: Shopkeeper body was found inside the shop

गढ़वाल: दुकान के अंदर संदिग्ध हालात में मिला व्यापारी का शव, बाजार में मचा हडकंप.. जांच शुरू

शनिवार सुबह एक व्यापारी का शव उसकी ही दुकान के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से शहर और व्यापारी समाज में शोक और चिंता का माहौल है।
Feb 7 2026 11:35AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

पौड़ी शहर के धारा रोड में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दुकान के अंदर व्यापारी का शव मिलने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय व्यापारियों ने तुरंत पौड़ी कोतवाली पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

Shopkeeper's body was found inside the shop

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह आसपास के व्यापारियों ने देखा कि धारा रोड स्थित एक दुकान खुली हुई थी और दुकानदार अंदर अचेत अवस्था में लेटा हुआ था। कई बार आवाज लगाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुकान के अंदर जांच-पड़ताल की। कोतवाली पौड़ी के एसएसआई राज विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान विजय आनंद सिंह (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। पुलिस की प्राथमिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट या घाव के निशान नहीं पाए गए हैं। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। घटना के बाद पूरे पौड़ी शहर में अफरातफरी और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच हर पहलू से कर रही है और सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखा जा रहा है। धारा रोड स्थित दुकान में व्यापारी की मौत की खबर से स्थानीय व्यापारियों में शोक का माहौल है।

मृतक के घर में छाया मातम

व्यापार सभा के अध्यक्ष विनय शर्मा ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि “एक व्यापारी का अपनी ही दुकान में इस तरह मृत मिलना चिंताजनक है। पुलिस जांच कर रही है और सभी व्यापारी सच्चाई सामने आने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज इस कठिन समय में मृतक के परिवार के साथ खड़ा है। घटना के बाद मृतक के घर में मातम छाया हुआ है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home