image: Uttarakhand Weather Update 18 February 2026

Uttarakhand Weather Update: इन 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तराखंड के 5 पर्वतीय जिलों में 18-19 फरवरी को हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है..
Feb 18 2026 9:34AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड में बीते कई दिनों से मौसम लगातार शुष्क बना हुआ है। राज्य के ज्यादातर इलाकों में सुबह और शाम के समय काफी ठंड हो रही है लेकिन दोपहर में तेज धूप के कारण तापमान बढ़ रहा है. मौसम विभाग ने आज भी राज्य के 5पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।

Uttarakhand Weather Update 18 February 2026

उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट ले रहा है। जहां पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में आज भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आज बुधवार सुबह से प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पर्वतीय जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम सुहावना हो सकता है, लेकिन मैदानी इलाकों में फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं। प्रदेश में 18-19 फरवरी को पर्वतीय इलाकों में बारिश होने के बाद मौसम फिर से शुष्क होने की संभावना है, हालांकि तापमान सामान्य से ऊपर ही बना रह सकता है।

मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विभागने आज बुधवार 18 फ़रवरी को उत्तराखंड के पांच जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। इन 5 जिलों में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज 18 और 19 फरवरी को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। बारिश और बर्फबारी से पहाड़ी क्षेत्रों में ठंडक बढ़ सकती है। वहीं देहरादून में आज आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है। प्रदेश के अन्य मैदानी क्षेत्रों में आज भी शुष्क और गर्म मौसम राणे की संभावना है। मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बर्फबारी वाले इलाकों में फिसलन और सड़क बाधित होने की आशंका रहती है। वहीं मैदानी इलाकों में लोगों को धूप और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

तापमान की स्थिति

बीते मंगलवार को देहरादून में तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 6 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं उधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री और न्यूनतम 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा। फरवरी में ही अप्रैल जैसी गर्मी महसूस की जा रही है। हालांकि सुबह-शाम हल्की ठंड अभी भी बनी हुई है। वहीं मंगलवार को मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 18.0°C और न्यूनतम तापमान 5.5°C दर्ज किया गया। नई टिहरी में अधिकतम तापमान 18.7°C और न्यूनतम तापमान 5.8°C रिकॉर्ड किया गया।






  • MORE UTTARAKHAND NEWS

View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home