image: Uttarakhand Vlogger Jyoti Adhikari Threatens Suicide on Facebook Live

उत्तराखंड: फेसबुक लाइव पर व्लॉगर ज्योति अधिकारी की सुसाइड धमकी! जंगल में बेहोश मिलीं, अस्पताल में भर्ती

हल्द्वानी की व्लॉगर ज्योति अधिकारी ने फेसबुक लाइव के दौरान पुलिस पर आरोप लगाते हुए खुदकुशी की धमकी दी। इसके बाद वह काठगोदाम के शीतला माता मंदिर के जंगल में चली गईं, जहां पुलिस को ज्योति बेहोशी की हालत में मिली।
Mar 17 2026 9:30AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड के हल्द्वानी में सोशल मीडिया व्लॉगर ज्योति अधिकारी द्वारा फेसबुक लाइव के दौरान आत्महत्या की धमकी देने का मामला सामने आया है। शनिवार शाम उन्होंने करीब 25 मिनट 20 सेकेंड तक फेसबुक लाइव किया, जिसमें उन्होंने पुलिस और कुछ लोगों पर मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए। फेसबुक लाइव के दौरान ज्योति अधिकारी भावुक नजर आईं और उन्होंने कहा कि उनके साथ लगातार अन्याय हो रहा है और उनकी शिकायतों पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।

Uttarakhand Vlogger Jyoti Adhikari Threatens Suicide on Facebook Live

ज्योति अधिकारी ने अपने फेसबुक लाइव में बताया कि उन्होंने पहले ही एक महिला व्लॉगर और एक कारोबारी के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी। उनका आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। इसके विपरीत, बाद में इन्हीं दोनों लोगों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उनके और उनके पति के खिलाफ दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर दी। ज्योति ने कहा कि इस वजह से वह और उनका परिवार काफी परेशान है।

परिवार पर पड़ रहा मानसिक दबाव

व्लॉगर ज्योति अधिकारी ने यह भी कहा कि इससे पहले भी उनके खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस बार-बार उनके घर पहुंच रही है, जिससे परिवार में डर का माहौल बन गया है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, लेकिन घर में लगातार तनाव और डर के कारण वह भी मानसिक दबाव में है। ज्योति ने कहा कि घर की घंटी बजते ही पूरा परिवार घबरा जाता है क्योंकि उन्हें डर रहता है कि पुलिस फिर से किसी कार्रवाई के लिए आई है।

चरित्र हनन का भी लगाया आरोप

फेसबुक लाइव के दौरान ज्योति अधिकारी ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर उनके चरित्र पर खुलेआम आरोप लगाए जा रहे हैं और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आरोप लगाने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हैं।

फेसबुक लाइव के बाद जंगल की ओर चली गईं

फेसबुक लाइव खत्म होने के बाद ज्योति अधिकारी अचानक घर से निकल गईं और काठगोदाम स्थित शीतला माता मंदिर के जंगल की ओर चली गईं। जब पुलिस को इस बारे में जानकारी मिली तो तुरंत उनकी तलाश शुरू की गई। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस की।

पुलिस ने जंगल से किया रेस्क्यू

काफी खोजबीन के बाद पुलिस टीम ने शीतला माता मंदिर के पास जंगल में ज्योति अधिकारी को बेहोशी की हालत में पाया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत उन्हें वहां से निकालकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।
इस मामले में एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि पुलिस ने ज्योति अधिकारी को शीतला माता मंदिर के जंगल से बेहोशी की हालत में बरामद किया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस घटना के पीछे किन परिस्थितियों ने उन्हें ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर किया।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home