उत्तराखंड के पूर्व सीएम एनडी तिवारी को ब्रेन हैमरेज, दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती
Sep 20 2017 4:42PM, Writer:सुनील
यूपी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एन डी तिवारी की हालत गंभीर है। न्यूज एजेंसी एएनआई के हवाले से ये जानकारी मिली है। नारायण दत्त तिवारी की भतीजी मनीषी तिवारी ने ये बात मीडिया को बताई है। उनका कहना है कि ब्रेन हैमरेज के बाद उन्हें दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। काफी वक्त से नारायण दत्त तिवारी की तबीयत नासाज चल रही थी। हालांकि अपने पॉलिटिकल करियर में एन डी तिवारी काफी विवादों से भरे रहे हैं। चाहे फिर वो रोहित का मामला हो, या फिर एक सीडी का मामला, जिस वजह से पूरे देश में बवाल मचा गया था। बताया जा रहा है कि एनडी तिवारी को ब्रेन हैमरेज का स्ट्रोक आया है। ब्रेन हैमरेज कोई छोटी मोटी बीमारी नहीं होती, बल्कि इसे बेहद ही गंभीर बीमारियों की श्रेणी में रखा गया है। इस बीमारी से फिलहाल नारायण दत्त तिवारी जूझ रहे हैं।
जीवन के नौ दशक पूरे कर चुके नारायण दत्त तिवारी ने हाल ही में नए पॉलिटिकल करियर भी शुरुआत की थी, जिस उम्र में आम तौर पर लोग राजनीति से संन्यास लेते हैं, उस उम्र में नारायण दत्त तिवारी ने बेटे रोहित शेखर शर्मा के साथ इसी साल बीजेपी ज्वॉइन की थी। नारायण दत्त तिवारी 3 बार उत्तर प्रदेश के सीएम रह चुके हैं। इसके अलावा वो एक बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। साल 2007 में तिवारी को आंध्र प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया था। 80 के दशक में नारायण दत्त तिवारी योजना आयोग के उपाध्यक्ष के पद पर रह चुके हैं। इसके साथ हगी 80 के दशक में ही वो केंद्रीय मंत्री समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं। 2009 में आंध्र प्रदेश राज्यपाल के पद पर रहते हुए नारायण दत्त तिवारी का एक स्टिंग ऑपरेशन सामने आया था। इस स्टिंग ऑपरेशन के बाद वो और भी ज्यादा विवादों में घिर चुके हैं।
नारायण दत्त तिवारी का जन्म 1925 में नैनीताल जिले के बलूती गांव में हुआ था। तिवारी इससे पहले आजादी की लड़ाई में भी शामिल हुए थे। 1942 में वो ब्रिटिश सरकार की साम्राज्यवादी नीतियों के खिलाफ नारे वाले पोस्टर और पंपलेट छापने के आरोप में पकड़े गए थे। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर नैनीताल जेल में डाल दिया गया। 15 महीने तक गिरफ्तार रहने के बाद वो 1944 में जेल से आजाद हुए थे। एनडी तिवारी के करियर पर सबसे बड़ा दाग रोहित शेखर शर्मा वाला मसला रहा है। वो बार बार नकारते रहे कि रोहित उनका बेटा नहीं है, लेकिन बाद में उन्होंने सबके सामने कबूला था कि रोहित उनका बेटा है। खैर जीवन के 90 दशक पार कर चुके नारायण दत्त तिवारी अब अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। उनकी भतीजी मनीषी शर्मा ने इस बात की जानकारी मीडिया को दी है।